मऊ :
अपराध से अर्जित संपत्ति पर पुलिस का बड़ा प्रहार,जयसिंहपुर में तीन मकान कुर्क।
●दो थानों की पुलिस, मजिस्ट्रेट और प्रशासनिक टीम की संयुक्त कार्रवाई से इलाके में मचा हड़कंप।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जयसिंहपुर क्षेत्र में अपराध से अर्जित संपत्ति के खिलाफ शिकंजा कस दिया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दो थानों की पुलिस फोर्स ने संयुक्त अभियान चलाकर तीन मकानों को कुर्क कर लिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अभियुक्त सतीश सिंह उर्फ बबलू, अवनीश सिंह उर्फ मिंटू तथा मनीष सिंह उर्फ पिंटू की उन संपत्तियों पर की गई, जिनके बारे में जांच में अपराध से अर्जित होने के साक्ष्य मिले थे। विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रशासन ने कुर्की की कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस बल ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। अधिकारियों ने बताया कि संगठित अपराध एवं अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तथा अपराध के माध्यम से संपत्ति अर्जित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगी।
