गुरुवार, 6 अगस्त 2026

लखनऊ : किसान पथ पर भीषण हादसा,कंटेनर में समाई DCM,चालक-परिचालक की दर्दनाक मौत।|Lucknow: A horrific accident on the Kisan Path, a DCM vehicle engulfed in a container, and the driver and conductor died tragically.|\

शेयर करें:
लखनऊ : 
किसान पथ पर भीषण हादसा,कंटेनर में समाई DCM,चालक-परिचालक की दर्दनाक मौत।।
●SDRF, फायर और पुलिस की टीमो के घंटों चले रेस्क्यू अपरेशन नही बची जान।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना सरोजनीनगर क्षेत्र  पिपरसंड के पास किसान पथ पर बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। गहरू अंडरपास के पास आगे चल रहे मालवाहक कंटेनर से तेज रफ्तार डीसीएम इतनी भीषणता से टकराई कि उसका अगला हिस्सा पूरी तरह कंटेनर में समा गया। हादसे में चालक और परिचालक केबिन में बुरी तरह फंस गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ के जवानों ने अत्याधुनिक हाइड्रोलिक कटर से कई चरणों में रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस आगे की कार्रवाई मे जुटी हुई है।
विस्तार : 
मिली जानकारी के मुताबिक बीते बुधवार की रात करीब 10:45 बजे थाना सरोजनीनगर को किसान पथ स्थित गहरू अंडरपास के पास दो माल वाहक वाहनों की टक्कर की सूचना मिलते ही स्थानीय सरोजनीनगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि ट्रक संख्या NL-01K-6374 सरोजनीनगर की ओर से बिजनौर की दिशा में जा रहा था। उसके पीछे आ रही डीसीएम संख्या UP-92AT-3170 अचानक अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चालक व परिचालक अंदर ही फंस गए।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमों को बुलाया गया। रेस्क्यू टीमों ने संयुक्त अभियान चलाते हुए हाइड्रोलिक कटर और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से डीसीएम के केबिन को काटकर दोनों घायलों को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांचोपरांत दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार ई-चालान एप के माध्यम से वाहन स्वामी से संपर्क करने पर मृतकों की पहचान शैलेन्द्र (39) पुत्र वकील सिंह और राजा भैया (35) पुत्र स्व. लालजी, दोनों निवासी बरियारपुर, थाना कुठौंद, जनपद जालौन के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल उनके परिजनों को सूचना देकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि डीसीएम चालक सामने चल रहे ट्रक से पर्याप्त दूरी नहीं बना सका, जिसके चलते यह भीषण हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद किसान पथ पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवा कर मार्ग पर यातायात जल्द ही सुचारु शुरु करि दिया।
SDRF टीम ने रेस्क्यू अभियान दिखाई दक्षता।
भीषण सड़क हादसे का रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व SDRF 'D' दल के उपनिरीक्षक कपिल पटेल की टीम ने अत्यधिक सावधानी एवं तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए दोनों फंसे हुए व्यक्तियों को सफलतापूर्वक जीवित बाहर निकाला तथा तत्काल उपचार हेतु एम्बुलेंस के माध्यम से लोकबन्धु अस्पताल भिजवाया । 
दुर्भाग्यवश, दोनों घायल ट्रक चालकों की गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। राज्य आपदा मोचन बल, उत्तर प्रदेश दिवंगत आत्माओं के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएँ प्रकट करता है ।
इस साहसपूर्ण कार्य की प्रशंसा करते हुए सेनानायक, राज्य आपदा मोचन बल, उत्तर प्रदेश ने रेस्क्यू टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है तथा टीम के सभी सदस्यों के उत्साह, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की है ।