मऊ :
हाईटेंशन केबल की चपेट में आई नगरपालिका की क्रेन,कर्मचारी गंभीर घायल।।
◆स्वतंत्रता दिवस के लिए तिरंगा झालर लगाने के दौरान हादसा, हाइड्रोलिक सिस्टम फेल होने से हुआ हादसा।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के बीच शुक्रवार को नगर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तिरंगा झालर लगाने के काम में लगी नगरपालिका की क्रेन हाईटेंशन विद्युत केबल के संपर्क में आ गई। हादसे में क्रेन पर सवार नगरपालिका कर्मचारी सोनू शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर नगर क्षेत्र में तिरंगा झालर लगाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान क्रेन का हाइड्रोलिक सिस्टम अचानक फेल हो गया। क्रेन अनियंत्रित होकर हाईटेंशन केबल के संपर्क में आ गई, जिससे कर्मचारी सोनू शर्मा हादसे की चपेट में आ गए।
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव का प्रयास शुरू किया। घायल कर्मचारी को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए दूसरी क्रेन की मदद ली गई। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के दौरान सुरक्षा मानकों और विद्युत लाइनों के आसपास कार्य करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
