गुरुवार, 6 अगस्त 2026

मऊ : डीएम-एसपी ने कोपागंज थाने का किया औचक निरीक्षण,व्यवस्थाओं को परखा।।||Mau: DM-SP conducted a surprise inspection of Kopaganj police station and inspected the arrangements.||

शेयर करें:
मऊ : 
डीएम-एसपी ने कोपागंज थाने का किया औचक निरीक्षण,व्यवस्थाओं को परखा।।
फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और कानून व्यवस्था मजबूत रखने के दिए निर्देश।
दो टूक : मऊ जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी  आनंद वर्धन एवं पुलिस अधीक्षक  कमलेश बहादुर ने गुरुवार को कोपागंज थाने का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और कार्यालयों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने थाने में मौजूद रजिस्टरों एवं सरकारी दस्तावेजों को व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
डीएम और एसपी ने महिला हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया तथा महिला पुलिस कर्मियों से पीड़ित महिलाओं की शिकायतों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि महिला संबंधी मामलों में पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनवाई करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान अधिकारियों ने थाने में आने वाले फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की और लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
डीएम ने थाना परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया, वहीं एसपी ने थाना प्रभारी को क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों में सक्रियता देखने को मिली। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता है।