गुरुवार, 6 अगस्त 2026

लखनऊ : बंद धान मिल में गौवंश की निर्मम हत्या, पुलिस की त्वरित कार्रवाई; तीन संदिग्ध हिरासत में।।||Lucknow: Cattle brutally killed in a closed rice mill, prompt police action; three suspects in custody.

शेयर करें:
लखनऊ : 
बंद धान मिल में गौवंश की निर्मम हत्या, पुलिस की त्वरित कार्रवाई; तीन संदिग्ध हिरासत में।।
फॉरेंसिक टीम और पशु चिकित्सक ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, CCTV और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित न्यू हैदरगंज में बंद पड़ी एक धान मिल के भीतर गौवंश (सांड) की गला रेतकर हत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कमिश्नरेट लखनऊ पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू कर दी। मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार 5 अगस्त 2026 को न्यू हैदरगंज स्थित बंद पड़ी धान मिल में एक सांड का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची ठाकुरगंज पुलिस ने पशु चिकित्सक और फॉरेंसिक (फील्ड यूनिट) टीम की मौजूदगी में घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने मौके से आवश्यक भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जबकि घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।
पशु चिकित्सक द्वारा परीक्षण के बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गौवंश के शव को चिन्हित स्थान पर दफना दिया गया। घटना के संबंध में थाना ठाकुरगंज में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। इसी क्रम में तीन संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि मामले की गहन, निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से विवेचना की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच अभी जारी है और विवेचना पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में अंतिम निष्कर्ष सामने आएंगे।