मऊ :
दो बच्चों की क्लास:सीडीओ ने लिया जायजा ।
बच्चों से सवाल कर हुए खुश ,व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार को प्रातः 8:10 बजे विकास खंड कोपागंज के कंपोजिट विद्यालय शाहपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में तैनात 09 शिक्षकों में से प्रधानाध्यापक सहित 08 शिक्षक उपस्थित मिले और सभी अपने-अपने कक्षों में शिक्षण कार्य करते पाए गए। एक शिक्षक बीआरसी कोपागंज में प्रशिक्षण पर तथा अनुदेशक बीएसए कार्यालय से संबद्ध बताया गया।
विद्यालय में नामांकित बच्चों की अपेक्षा छात्र उपस्थिति कम मिलने पर सीडीओ ने शिक्षकों को अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। निर्धारित ड्रेस में विद्यालय नहीं आने वाले बच्चों के अभिभावकों से भी संपर्क कर उन्हें ड्रेस में विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने विभिन्न कक्षाओं के बच्चों से आलेख एवं अंकगणित से संबंधित प्रश्न पूछे। अधिकांश बच्चों ने प्रश्नों के सही उत्तर दिए। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तथा बच्चों के शैक्षिक स्तर में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए।
विद्यालय परिसर, शौचालय एवं हैंडवॉश स्थल की साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी, कोपागंज को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए तथा प्रधानाध्यापक को भी सख्त चेतावनी दी।
गैस सिलेंडर की व्यवस्था सुधारने के निर्देश
विद्यालय की रसोई में 05 रसोइया कार्यरत मिले। रसोईघर साफ-सुथरा था, लेकिन भोजन लकड़ी से बनाया जा रहा था। विद्यालय में उपलब्ध दोनों गैस सिलेंडर खाली पाए गए। जानकारी में सामने आया कि विद्यालय में इंडियन गैस का कनेक्शन है, जबकि उपलब्ध सिलेंडर एचपी के हैं। इस पर सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी को एचपी के सिलेंडरों को तत्काल इंडियन गैस के सिलेंडरों से बदलवाकर गैस की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
विद्यालय परिसर में संचालित दो आंगनबाड़ी केंद्रों का भी सीडीओ ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय दोनों केंद्रों की कार्यकर्ती एवं सहायिका अनुपस्थित मिलीं, जबकि बच्चे कमरे के बाहर बैठे पाए गए। बाद में कार्यकर्ती एवं सहायिका विलंब से उपस्थित हुईं। दोनों केंद्रों पर केंद्र का नाम भी अंकित नहीं पाया गया।
सीडीओ ने कार्यकर्ती एवं सहायिका के विलंब से उपस्थित होने के संबंध में बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) को स्पष्टीकरण प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई, अनुशासन और बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
