गुरुवार, 20 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: चार साल बाद भी यादों में जिंदा हैं पप्पू भाटी, चौथी पुण्यतिथि पर अशोक भाटी समेत लोगों ने किया भावपूर्ण नमन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: चार साल बाद भी यादों में जिंदा हैं पप्पू भाटी, चौथी पुण्यतिथि पर अशोक भाटी समेत लोगों ने किया भावपूर्ण नमन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

संत-महात्माओं ने भजन-कीर्तन कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना, सामाजिक योगदान को किया याद

दो टूक//नोएडा, 20 अगस्त 2026। समाजसेवा, सरलता और मानवीय संवेदनाओं के लिए अपनी अलग पहचान बनाने वाले स्वर्गीय उमेश चंद्र ‘पप्पू’ भाटी की चौथी पुण्यतिथि पर गुरुवार को सलारपुर स्थित श्री कृष्ण भवन में श्रद्धांजलि सभा एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान संत-महात्माओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। परिवारजनों, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने स्वर्गीय पप्पू भाटी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

चार वर्ष पूर्व हिमाचल प्रदेश में हुए एक हादसे में स्वर्गीय उमेश चंद्र ‘पप्पू’ भाटी का असामयिक निधन हो गया था। उनके निधन ने परिवार के साथ-साथ उन तमाम लोगों को गहरा आघात पहुंचाया था, जिनके सुख-दुख में वह हमेशा खड़े रहते थे। चौथी पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए उपस्थित लोगों ने उनके सरल एवं मिलनसार व्यक्तित्व, सामाजिक सरोकारों और जरूरतमंदों की मदद करने की भावना को श्रद्धापूर्वक याद किया।

बड़े भाई की स्मृतियों को याद कर भावुक हुए अशोक भाटी

इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन, गौतम बुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने अपने बड़े भाई स्वर्गीय उमेश चंद्र ‘पप्पू’ भाटी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भाई का स्नेह, मार्गदर्शन और संस्कार उनके जीवन की अमूल्य पूंजी हैं।

अशोक भाटी ने भावुक होते हुए कहा, “भैया आज हमारे बीच शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद, उनका स्नेह और उनके दिए संस्कार हमेशा हमारे साथ हैं। उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती। उनका सरल स्वभाव, लोगों के प्रति अपनापन और समाजसेवा की भावना हमेशा हमारी स्मृतियों में जीवंत रहेगी।”

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय पप्पू भाटी ने हमेशा समाज के लोगों को साथ लेकर चलने और जरूरतमंदों की सहायता करने को प्राथमिकता दी। वह हर व्यक्ति के सुख-दुख में सहभागी बनने का प्रयास करते थे। उनके जीवन का सबसे बड़ा संदेश यही था कि समाज में रहते हुए एक-दूसरे के काम आना और जरूरतमंद के साथ खड़ा होना ही सच्ची मानवता है।

अशोक भाटी ने कहा कि बड़े भाई के बताए रास्ते पर चलते हुए समाजसेवा और जरूरतमंदों की मदद करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि पप्पू भाटी के संस्कार और समाज के प्रति उनकी सकारात्मक सोच आज भी उन्हें जनसेवा के कार्यों के लिए प्रेरित करती है।

श्रद्धांजलि सभा में भावुक हुआ माहौल

भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धांजलि सभा का माहौल भावुक हो गया। संत-महात्माओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय पप्पू भाटी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके साथ बिताए पलों को याद किया।

परिजनों और शुभचिंतकों ने कहा कि समय बीतने के साथ भले ही पप्पू भाटी को दुनिया से विदा हुए चार वर्ष हो गए हों, लेकिन उनके अच्छे व्यवहार, आत्मीयता और सामाजिक योगदान की यादें आज भी लोगों के दिलों में ताजा हैं। उनका जीवन समाज में भाईचारे, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता रहेगा।

श्रद्धांजलि सभा में कृष्ण भाटी, अजय गुर्जर, संजय फौजी, मनोज त्यागी, राजकुमार प्रजापति, नवीन भाटी, निखिल भाटी सहित परिवार के सदस्य, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में शुभचिंतक मौजूद रहे।

दो टूक मीडिया की ओर से भावपूर्ण श्रद्धांजलि

दो टूक मीडिया परिवार की ओर से स्वर्गीय समाजसेवी उमेश चंद्र ‘पप्पू’ भाटी जी की चौथी पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि। समाज और जरूरतमंदों के प्रति उनका समर्पण, सरल व्यवहार और सेवा भावना सदैव स्मरणीय रहेगी। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और परिवारजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें। ॐ शांति।