लखनऊ :
जन्माष्टमी पर रोडवेज बसों के संचालन को लेकर परिवहन मंत्री ने अफसरों की कसी नकेल।
दो टूक : परिवहन मंत्री दो टूक कहा - रोडवेज के चालक-परिचालक यात्रियों से रखें मृदुल व्यवहार, बस अड्डों पर पेयजल व शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश।।
विस्तार :
आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने निगम के अधिकारियों को बसों का व्यवस्थित एवं सुदृढ़ संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
परिवहन मंत्री ने कहा कि सभी बसों का निर्धारित 31 एवं 13 बिंदुओं के मानक के अनुसार भौतिक एवं यांत्रिक परीक्षण कराया जाए। जांच में मिलने वाली कमियों को तत्काल दूर कराकर फिटनेस की स्थिति में ही बसों का संचालन किया जाए। उन्होंने वाहनों को ऑन रोड स्थिति में रखते हुए शत-प्रतिशत संचालन के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए।
मंत्री ने बस अड्डों पर यात्रियों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल और सुलभ शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा। बस स्टेशनों के शौचालयों के आसपास चूने का छिड़काव कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मार्ग पर भेजने से पहले बसों का निरीक्षण किया जाए। बसों के शीशे टूटे न हों और सीटें फटी हुई न हों। बसों को साफ-सुथरी स्थिति में ही संचालन के लिए भेजा जाए।
यात्रियों से मृदुल व्यवहार जरूरी
दयाशंकर सिंह ने चालक-परिचालकों समेत बस स्टेशनों पर तैनात कर्मचारियों को यात्रियों से शिष्ट एवं मृदुल व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को समय-समय पर यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार के लिए प्रशिक्षित भी किया जाए। मार्ग में मिलने वाले यात्रियों को शिष्टाचारपूर्वक बस में बैठाने और उनके गंतव्य पर सुरक्षित उतारने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मंत्री ने निर्देश दिए कि सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ ही दिव्यांगजन के बस में आने पर यथासंभव आरक्षित सीट उपलब्ध कराई जाए।
प्रतिबंधित और ज्वलनशील पदार्थों पर रोक
परिवहन मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिबंधित वस्तुओं एवं ज्वलनशील पदार्थों को बसों में ले जाने की अनुमति कदापि न दी जाए। मार्ग में पड़ने वाले सभी बस स्टेशनों से होकर बसों का संचालन कराया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी चालक एवं परिचालक ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से वर्दी में रहें। बस स्टेशनों पर उद्घोषणा यंत्र हमेशा क्रियाशील स्थिति में रखा जाए और सभी बसों में फर्स्ट एड किट की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
बसों में यात्रियों द्वारा ले जाए जाने वाले घरेलू सामान का भार निर्धारित मानक से अधिक होने पर उसे नियमानुसार बुक कराकर ही ले जाने के निर्देश दिए गए हैं।
परिवहन मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर परिवहन सेवा उपलब्ध हो सके।
