लखनऊ :
गॉव की बिटिया ने रचा इतिहास, BBAU में गोल्ड मेडल हासिल कर बढ़ाया सबका मान।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के निगोहां क्षेत्र के पुरहिया गांव की बेटी शांभवी दीक्षित ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर गांव के साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। समाजशास्त्र विभाग में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए शांभवी को वर्ष 2026 का गोल्ड मेडल प्रदान किया गया।
शनिवार को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (BBAU), लखनऊ में आयोजित सम्मान समारोह में शांभवी दीक्षित को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि के बाद परिवार में खुशी का माहौल है।
पुरहिया गांव निवासी शांभवी के पिता पंकज दीक्षित ‘अरविंद’ हैं, जबकि माता रीता दीक्षित गृहिणी हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाली शांभवी ने अपनी मेहनत और निरंतर लगन के बल पर विश्वविद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इससे पहले उन्होंने इंटरमीडिएट परीक्षा में 82 प्रतिशत अंक हासिल किए थे।
समाजशास्त्र विभाग में शानदार शैक्षणिक प्रदर्शन के चलते विश्वविद्यालय की ओर से शांभवी का चयन गोल्ड मेडल के लिए किया गया था। सम्मान समारोह में मेडल मिलने के बाद माता-पिता ने बेटी की सफलता पर खुशी जताते हुए इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताया।
शांभवी की उपलब्धि की खबर गांव पहुंचते ही पुरहिया और निगोहां क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि शांभवी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से गांव का नाम विश्वविद्यालय स्तर पर रोशन किया है। उनकी सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है।
