लखनऊ :
चेन स्नैचिंग गैंग के दो शातिर लुटेरों को पुलिस गिरफ्तार कर लूट का किया खुलासा।।
रैपिडो चालक निकले चेन लुटेरे, दो वारदातों का खुलासा—सोने की चेन, नकदी और OLA स्कूटी बरामद।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के गुडम्बा पुलिस और डीसीपी पूर्वी की सर्विलांस टीम ने चेन स्नैचिंग की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत की पीली धातु की दो टूटी हुई चेन, 1,760 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त सिल्वर रंग की OLA इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की है।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक थाना गुडम्बा क्षेत्र में राह चलते लोगों से चेन स्नैचिंग की दो घटनाएं सामने आई थीं। पहली घटना 2 अगस्त की रात सेक्टर-एच जानकीपुरम स्थित SBI रोड पर हुई थी, जहां सेवानिवृत्त उपमहानिदेशक भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण अशोक कुमार की सोने की चेन स्कूटी सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर छीन ली थी।
दूसरी घटना 16 अगस्त की रात टेढ़ी पुलिया के पास हुई, जहां प्रिया जोशी के गले से स्कूटी सवार दो बदमाश सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे।
जंगल की ओर खड़े होकर कर रहे थे अगली वारदात की तैयारी
पुलिस टीम 19 अगस्त को चेन स्नैचिंग की घटनाओं से जुड़े आरोपियों और माल की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध सिल्वर रंग की OLA स्कूटी से स्कार्पियो क्लब के आगे कुकरैल जंगल की तरफ जाने वाली सड़क पर खड़े हैं। दोनों कथित तौर पर चोरी की चेन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे और एक और वारदात की फिराक में थे।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों आरोपियों ने स्कूटी से भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी में बरामद हुईं टूटी हुई चेन
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लारेब जैदी उर्फ सोनू के कब्जे से एक टूटी हुई पीली धातु की चेन और 1,100 रुपये नकद, जबकि अभिनव मौर्या के कब्जे से एक टूटी हुई पीली धातु की चेन और 660 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने दोनों चेन को गुडम्बा थाने में दर्ज दोनों चेन स्नैचिंग के मुकदमों से संबंधित बताया है।
बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पूछताछ में खुला वारदात का तरीका
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि दोनों मिलकर चेन स्नैचिंग करते थे। एक आरोपी OLA स्कूटी चलाता था, जबकि दूसरा राह चलते लोगों के गले से चेन झपट्टा मारकर छीन लेता था। चोरी की चेन बेचने से मिलने वाली रकम को दोनों अपने निजी खर्च में इस्तेमाल करते थे।
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को भी दोनों एक और घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
गिरफ्तार आरोपी
1. लारेब जैदी उर्फ सोनू, पुत्र वासी मोहम्मद उर्फ मुन्ना, निवासी निवासगंज, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ, उम्र करीब 27 वर्ष।
2. अभिनव मौर्या, पुत्र राजू मौर्या, निवासी मोहिनी पुरवा हुसैनाबाद, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ, उम्र करीब 24 वर्ष।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी रैपिडो चालक हैं।
यह सामान हुआ बरामद
दो टूटी हुई पीली धातु की चेन
1,760 रुपये नकद
वारदात में प्रयुक्त OLA इलेक्ट्रिक स्कूटी संख्या UP32QH0678
दोनों चेन स्नैचिंग के मामलों का खुलासा
गुडम्बा पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
दो टूक मीडिया | निडर • निष्पक्ष • निर्भीक
