शुक्रवार, 21 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: कैमरे में कैद कहानियों ने मोहा शहर का मन, दूसरे दिन भी फोटो प्रदर्शनी में उमड़ा उत्साह!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कैमरे में कैद कहानियों ने मोहा शहर का मन, दूसरे दिन भी फोटो प्रदर्शनी में उमड़ा उत्साह!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर नोएडा मीडिया क्लब द्वारा आयोजित पांचवीं वार्षिक फोटो प्रदर्शनी का आकर्षण दूसरे दिन भी बरकरार रहा। गुरुवार को नोएडा मीडिया क्लब की फोटो गैलरी में शहर के गणमान्य नागरिकों, शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों और फोटोग्राफी प्रेमियों की आवाजाही बनी रही। प्रदर्शनी में लगी तस्वीरों ने लोगों को न केवल आकर्षित किया, बल्कि उन्हें समाज, संस्कृति, जनजीवन और बदलते दौर की विभिन्न कहानियों से भी रूबरू कराया।

फोटो गैलरी में फोटो पत्रकारिता, डॉक्यूमेंट्री और स्ट्रीट फोटोग्राफी से जुड़ी चुनिंदा तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। फोटो जर्नलिस्टों ने अपने कैमरों के जरिए जीवन के उन पलों को कैद किया है, जिनमें कहीं संवेदनाओं की गहराई दिखाई देती है तो कहीं सामाजिक सरोकार, संघर्ष, उत्साह और मानवीय भावनाओं की जीवंत तस्वीर नजर आती है। आगंतुकों ने इन तस्वीरों को करीब से देखा और फोटो पत्रकारों की मेहनत, हुनर और रचनात्मक दृष्टिकोण की जमकर सराहना की।

नोएडा मीडिया क्लब की ओर से प्रत्येक वर्ष विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली इस फोटो प्रदर्शनी का उद्देश्य फोटो पत्रकारों की प्रतिभा और रचनात्मकता को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। पांचवीं वार्षिक प्रदर्शनी में दिल्ली-एनसीआर के साथ देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़े फोटो जर्नलिस्टों की चुनिंदा तस्वीरों को स्थान दिया गया है। तस्वीरों के माध्यम से समाज, संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, जनजीवन और विभिन्न घटनाओं के विविध रंगों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

प्रदर्शनी के दूसरे दिन एमिटी यूनिवर्सिटी की वाइस प्रेसिडेंट कम्युनिकेशन डॉ. सविता मेहता भी फोटो गैलरी पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शित तस्वीरों का अवलोकन किया और फोटो पत्रकारों की कला एवं उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक तस्वीर कई बार शब्दों से कहीं अधिक प्रभावशाली ढंग से किसी घटना, भावना या सामाजिक स्थिति को सामने रख देती है। फोटो पत्रकारों द्वारा अपने कैमरे के माध्यम से अलग-अलग घटनाओं और मानवीय भावनाओं को जिस संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया है, वह सराहनीय है।

वहीं भारतीय किसान यूनियन (अम्बावता) के जिलाध्यक्ष चौधरी महेश सिंह तंवर भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ फोटो प्रदर्शनी देखने पहुंचे। उन्होंने गैलरी में प्रदर्शित तस्वीरों का अवलोकन करते हुए फोटो पत्रकारों की मेहनत और रचनात्मकता की प्रशंसा की। उनके साथ संगठन के कार्यकर्ताओं के अलावा शहर के अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी प्रदर्शनी का आनंद लिया।

प्रदर्शनी के दौरान वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट संजीव रस्तोगी, सुशील कुमार, इम्तियाज खान, नीरज कुमार, इम्तियाज अली, के. आसिफ सहित अन्य फोटो पत्रकार मौजूद रहे। वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्टों की मौजूदगी में फोटोग्राफी और फोटो पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, चुनौतियों, तकनीक तथा तस्वीरों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को प्रभावी ढंग से सामने रखने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।

नोएडा मीडिया क्लब की यह फोटो प्रदर्शनी फोटोग्राफी को केवल कला के रूप में नहीं, बल्कि समाज और समय के दस्तावेज के तौर पर प्रस्तुत कर रही है। कैमरे में कैद ये तस्वीरें बीते और वर्तमान पलों की ऐसी कहानियां बयां कर रही हैं, जिन्हें देखकर दर्शक कुछ क्षण ठहरने और उस दृश्य के पीछे छिपी कहानी को समझने के लिए मजबूर हो रहे हैं।