गौतमबुद्धनगर: बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली, अच्छेजा गांव में मचा हड़कंप; कई घरों के बिजली उपकरण फुंके!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। दादरी क्षेत्र के बादलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अच्छेजा गांव में बुधवार देर शाम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तेज कड़कड़ाहट और जोरदार धमाके के साथ बिजली गिरने के बाद कई घरों के इलेक्ट्रिक उपकरण अचानक जल गए। एक मकान में इनवर्टर में तेज धमाका होने से आसपास के लोग दहशत में आ गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति या मवेशी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ग्रामीणों के मुताबिक, बुधवार देर शाम बारिश के दौरान अचानक आसमान में तेज बिजली कड़की और कुछ ही क्षण बाद जोरदार धमाका सुनाई दिया। ग्रामीण विजयपाल ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने के तुरंत बाद कुणाल शर्मा के घर में रखा इनवर्टर तेज आवाज के साथ फट गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई।
ग्रामीणों ने बताया कि आकाशीय बिजली के प्रभाव से कई घरों की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई। केशर नागर के मकान में लगा एसी भी इसकी चपेट में आने से जलकर खराब हो गया। इसके अलावा कई घरों से धुआं निकलने लगा। ग्रामीणों के अनुसार, छह से अधिक मकानों में पंखे, ट्यूबलाइट, बल्ब, टीवी और अन्य इलेक्ट्रिक उपकरण जल गए।
घटना के बाद ग्रामीणों में काफी देर तक डर का माहौल बना रहा। अचानक हुए धमाकों और बिजली के उपकरणों के जलने से लोगों को समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि आकाशीय बिजली के दौरान कोई व्यक्ति खुले में मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
गनीमत रही कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से किसी व्यक्ति या मवेशी को नुकसान नहीं पहुंचा। घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त विद्युत उपकरणों और मकानों में हुए नुकसान का जायजा लिया। आकाशीय बिजली के कारण हुए नुकसान से प्रभावित परिवारों ने संबंधित विभाग से नुकसान का आकलन कर उचित मदद की मांग की है।
