शनिवार, 29 अगस्त 2026

लखनऊ :भाजपा मंडल मंत्री के बंद घर में लाखों की चोरी,पांच लाख के जेवरात और नकदी ले उड़े चोर।|Lucknow:Lakhs worth of goods stolen from the locked house of a BJP Mandal minister, with thieves making off with jewellery and cash worth five lakh rupees.||

शेयर करें:
लखनऊ :
भाजपा मंडल मंत्री के बंद घर में लाखों की चोरी,पांच लाख के जेवरात और नकदी ले उड़े चोर।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र में चोरों ने भाजपा मंडल मंत्री विमलेश शर्मा के बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। रक्षाबंधन का त्योहार मनाने परिवार के साथ बाहर गईं विमलेश शर्मा के घर में चोर मेन गेट और कमरे का ताला तोड़कर दाखिल हुए और अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर करीब पांच लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात तथा पांच हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए।
विस्तार :
जानकारी के मुताबिक कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र फुलवरिया बाईपास
 ज्योति नगर रोड करवा स्थित मकान में रहने वाली भाजपा मंडल मंत्री विमलेश शर्मा बेटे-बहू, मां और अन्य परिजनों के साथ रक्षाबंधन पर मौसी के घर गई थीं। इसी दौरान देर रात चोरों ने बंद मकान को अपना निशाना बनाया। सुबह पड़ोसी के फोन से घर में चोरी की जानकारी मिलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया।
घर पहुंचने पर मेन गेट और कमरों के ताले टूटे मिले। अंदर अलमारी और बक्सों का सामान बिखरा पड़ा था। पीड़िता के अनुसार, चोर उनकी बहू के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है।
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह के अनुसार, घटनास्थल की जांच कराई जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने के प्रयास में जुटी है।
भाजपा मंडल मंत्री के घर हुई चोरी से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है और चोरी गए सामान की कीमत व अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं।