लखनऊ :
बंथरा में मजदूरों ने चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ कर युवक को पुलिस को सौपा,दो-तीन साथी वैगनआर से फरार होने मे रहे कामयाब।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में निर्माण कार्य के लिए लाए गए लोहे के पाइप और क्लम्प चोरी करने पहुंचे चोरों में से एक युवक को मौके पर मौजूद मजदूरों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। हालांकि उसके दो-तीन साथी वैगनआर कार से भागने में सफल रहे। पकड़े गए युवक के पास से चोरी किए गए लोहे के पांच क्लम्प और बिना नंबर की हीरो मोटरसाइकिल बरामद होने की बात सामने आई है।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार मलिहाबाद के रमघड़ा निवासी सूरज शुक्ला 8 अगस्त को आजाद बिहार लखनऊ रोड, बंथरा क्षेत्र में छत डालने का ठेका लेकर अपने मजदूर साथियों के साथ पहुंचे थे। लोहे के पाइप और क्लम्प ट्रैक्टर पर लादकर सभी लोग ट्रैक्टर के पास ही सो गए।
आरोप है कि देर रात अज्ञात चोरों ने सो रहे मजदूरों का फायदा उठाकर लोहे का सामान चोरी करना शुरू कर दिया। करीब रात दो बजे मजदूरों की नींद खुली तो उन्होंने एक युवक को चोरी करते पकड़ लिया, जबकि उसके दो-तीन साथी वैगनआर कार से फरार हो गए।
पकड़े गए युवक की पहचान पवन गौतम पुत्र सुखलाल, निवासी निमैचा, असोहा, उन्नाव के रूप में हुई। उसके पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की गई। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के पांच लोहे के क्लम्प और बिना नंबर की हीरो मोटरसाइकिल मिलने की बात तहरीर में कही गई है।
शिकायतकर्ता अपने साथियों के साथ आरोपी और बरामद सामान को थाना बंथरा लेकर पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस फरार आरोपियों और वैगनआर कार की तलाश में जुटी है।
कृष्णानगर में घर के बाहर खड़ी Apache बाइक चोरी।।
थाना कृष्णानगर क्षेत्र के कनौसी स्थित खुशी विहार में घर के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल रातों-रात चोरी हो गई। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस से शिकायत कर बाइक बरामद करने की गुहार लगाई है।
हरदोई के हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरिया निवासी राघवेन्द्र वर्तमान में कनौसी के खुशी विहार में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी TVS Apache 160 मोटरसाइकिल, नंबर UP30BX1127, 30 जुलाई की रात करीब 11 बजे घर के बाहर लॉक करके खड़ी की गई थी।
पीड़ित के मुताबिक 31 जुलाई की सुबह करीब चार बजे जब वह बाहर आया तो बाइक अपने स्थान पर नहीं थी। आसपास काफी तलाश करने और लोगों से पूछताछ के बावजूद मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़ित ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात चोर ने लॉक तोड़कर उसकी बाइक चोरी कर ली। मामले में पुलिस से मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई मे जुटी है।
