मंगलवार, 25 अगस्त 2026

लखनऊ :पात्र दिव्यांगजनों को अंत्योदय राशन कार्ड से जोड़ने की मांग,डिप्टी सीएम ने दिया आश्वासन।||Lucknow:Demand to link eligible disabled persons with Antyodaya ration cards, Deputy CM gives assurance.||

शेयर करें:
लखनऊ :
पात्र दिव्यांगजनों को अंत्योदय राशन कार्ड से जोड़ने की मांग,डिप्टी सीएम ने दिया आश्वासन।।
दो टूक : पात्र दिव्यांगजनों को अंत्योदय राशन कार्ड से जोड़ने की पहल हुई तो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को खाद्य सुरक्षा के साथ बड़ी राहत मिल सकती है।
विस्तार :
प्रदेश के पात्र दिव्यांगजनों को अंत्योदय राशन कार्ड की सुविधा से जोड़ने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार गुप्ता ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा। उन्होंने प्रदेश के पात्र दिव्यांगजनों को अंत्योदय राशन कार्ड योजना का लाभ दिलाने के लिए वार्ड स्तर पर कैंप लगाकर पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने की मांग की।
राजकुमार गुप्ता ने मांगपत्र में कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन आर्थिक रूप से कमजोर एवं आश्रित हैं। ऐसे लोगों के सामने खाद्यान्न, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी अनेक कठिनाइयां रहती हैं। ऐसे में पात्र दिव्यांगजनों को अंत्योदय राशन कार्ड की सुविधा मिलना उनके लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।
उन्होंने उपमुख्यमंत्री से मांग की कि पात्र दिव्यांगजनों को अंत्योदय राशन कार्ड जारी करने के लिए शासनादेश अथवा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं। साथ ही वार्ड स्तर पर कैंप लगाकर पात्र दिव्यांगजनों को योजना से जोड़ने की व्यवस्था की जाए।
राजकुमार गुप्ता के अनुसार, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र शासन स्तर से आवश्यक आदेश जारी कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से प्रदेश के जरूरतमंद दिव्यांगजनों को खाद्य सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सकेगा।