लखनऊ :
बहन संग जा रहे युवक को दबंगों ने पीटा, नामजद मुकदमा दर्ज।
दो टूक : लखनऊ के कोतवाली कृष्णा नगर क्षेत्र में बहन के साथ जा रहे युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पीछे से आए एक व्यक्ति ने युवक को जमकर पीटा और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। मारपीट में युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। पीड़ित की बहन की नामजद शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार कोतवाली कृष्णा नगर के जाफरखेड़ा निवासी प्रिया सिंह पुत्री दिलीप सिंह अपने भाई उदय सिंह के साथ जा रही थीं। इसी दौरान एलडीए प्रथम पुलिस चौकी क्षेत्र के बाराबिरवा स्थित बदनाम लड्डू के पास पीछे से आए राजेश सिंह ने उदय सिंह के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने युवक के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
मारपीट में उदय सिंह के सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद पीड़ित की बहन प्रिया सिंह ने कृष्णानगर थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित नामजद तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मंगलवार रात मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
