बुधवार, 19 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: बीयर-शराब के दौरान गाली देने पर भड़का विवाद, गला दबाकर दोस्त की हत्या; बिसरख पुलिस ने आरोपी को दबोचा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: बीयर-शराब के दौरान गाली देने पर भड़का विवाद, गला दबाकर दोस्त की हत्या; बिसरख पुलिस ने आरोपी को दबोचा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। बिसरख थाना पुलिस ने हत्या की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए आरोपी गोविन्द शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने शराब/बीयर पीने के दौरान हुए विवाद के बाद अपने परिचित जसवीर मौर्य की गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी को रोजा याकूबपुर से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घटनास्थल के पास से बीयर की दो बोतलें, देशी शराब के दो पाउच, नमकीन के दो खाली पाउच, दो प्लास्टिक के गिलास और आरोपी की चप्पल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी गोविन्द शर्मा पिछले करीब चार वर्षों से रोजा जलालपुर में किराये पर रहकर कारपेंटर का काम करता था। वह अक्सर मैच देखने के लिए आरसीजी क्रिकेट ग्राउंड जाता था। इसी दौरान उसकी पहचान क्रिकेट ग्राउंड में काम करने वाले जसवीर मौर्य से हुई। जसवीर ग्राउंड परिसर में बनी एक कोठरी में अकेला रहता था और स्टेडियम की साफ-सफाई, देखरेख तथा घास काटने का काम करता था। समय के साथ दोनों के बीच दोस्ती हो गई और वे कभी-कभी साथ बैठकर शराब और बीयर का सेवन भी करते थे।

1 अगस्त की रात शराब के दौरान हुआ विवाद

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 1 अगस्त 2026 को वह जसवीर के साथ क्रिकेट ग्राउंड में उसकी कोठरी के सामने बैठकर शराब/बीयर पी रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि जसवीर ने उसे गाली देना शुरू कर दिया। गाली देने से मना करने पर जसवीर ने आरोपी को धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गया।

पुलिस के मुताबिक, इसी बात से गुस्साए गोविन्द ने जसवीर को धक्का दे दिया, जिससे वह भी जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी ने जसवीर के सीने पर बैठकर दोनों हाथों से उसका गला दबा दिया। काफी देर तक गला दबाने के बाद जब जसवीर की हरकत बंद हो गई तो आरोपी को लगा कि उसकी मौत हो चुकी है।

वारदात के बाद मौके से भागा आरोपी

जसवीर की मौत होने का अंदाजा लगने के बाद आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया। भागते समय उसकी एक चप्पल घटनास्थल पर ही छूट गई। पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर घटनास्थल के पास से शराब और बीयर की बोतलें, खाली नमकीन के पाउच, प्लास्टिक के गिलास और उसकी चप्पल बरामद की गई है। पुलिस अब मामले में बरामद साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाकर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोविन्द शर्मा पुत्र दुखी शर्मा के रूप में हुई है। आरोपी के स्थायी पते पश्चिम बंगाल के टेकरा वैशाली तथा बिहार के ग्राम लोधिया, थाना लकी सराय बताए गए हैं, जबकि वह वर्तमान में ग्राम रोजा जलालपुर, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था।

इस संबंध में थाना बिसरख में मु0अ0सं0 527/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।