बुधवार, 19 अगस्त 2026

लखनऊ : दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता का उत्पीड़न, ससुरालियों पर मुकदमा।।Lucknow: Married woman harassed for not fulfilling dowry demands, case filed against in-laws.||

शेयर करें:
 लखनऊ : 
दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता का उत्पीड़न, ससुरालियों पर मुकदमा।।
दो टूक : लखनऊ के कोतवाली आलमबाग क्षेत्र दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर आलमबाग पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार आलमबाग निवासी विवाहिता खुशबू के मुताबिक, अप्रैल 2025 में उसका विवाह पुराना सरदारीखेड़ा निवासी सदाब के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति समेत ससुरालीजन पांच लाख रुपये नकद और मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ कथित रूप से मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाने लगी।
पीड़िता का आरोप है कि गर्भावस्था के दौरान भी उसके साथ मारपीट की गई, जिसके चलते गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद दिसंबर 2025 में उसका ऑपरेशन हुआ। विवाहिता ने पति पर उसकी इच्छा के विपरीत अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार, ससुरालियों की प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आलमबाग थाने में कई बार शिकायत की थी। मंगलवार देर शाम उसकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
आलमबाग इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।