लखनऊ :
कलयुगी बेटे ने पैसों की खातिर पिता को पीटा, जान से मारने की धमकी देकर घर के कमरों में जड़ा ताला।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना आशियाना क्षेत्र में एक कलयुगी बेटे द्वारा पैसों की मांग को लेकर अपने सेवानिवृत्त प्रोफेसर पिता के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बेटे ने पिता को गाली-गलौज करते हुए घसीटकर पीटा और धारदार वस्तु से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए घर के कमरों में ताला जड़ दिया। पीड़ित पिता की शिकायत पर आशियाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना आशियाना क्षेत्र की एलडीए कॉलोनी शारदा नगर योजना के रश्मि खंड निवासी 68 वर्षीय डॉ. सुदर्शन सिंह यादव राजकीय महाविद्यालय से सेवानिवृत्त प्रोफेसर हैं। पीड़ित के मुताबिक उनका 25 वर्षीय इकलौता बेटा उत्कर्ष पैसों की मांग को लेकर अक्सर उनसे विवाद करता है और पूर्व में भी अमानवीय व्यवहार करता रहा है।
पीड़ित पिता के अनुसार मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे वह स्मृति उपवन में टहल रहे थे। इसी दौरान उनका बेटा उत्कर्ष वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बेटे ने उन्हें घसीटकर पीटा और धारदार वस्तु से हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार कर घायल कर दिया। विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और घर पहुंचकर कमरों में ताला जड़ दिया।
पीड़ित का आरोप है कि बेटे के लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर वह पूर्व में भी पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगा चुके हैं। इस घटना के बाद उन्होंने आशियाना थाने में लिखित शिकायत दी।
इंस्पेक्टर आशियाना गजेन्द्र कुमार राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
