लखनऊ :
घरों में सेंध लगाने वाले दो शातिर चढ़े पुलिस के हत्थे,चोरी का माल बरामद,भेजे गए जेल।।
18 मुकदमों वाला शातिर चोर साथी के साथ करता था सेंधमारी।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना आशियाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों के खिलाफ आशियाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पेशेवर शातिर चोर को साथी के साथ गिरफ्तार कर, दो अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा किया । गिरफ्तार शातिर आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, बिजली के तार समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी पर पहले से चोरी और नकबजनी के 18 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया।
विस्तार : ADCP मध्य ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 जुलाई 2026 का है। एलडीए कॉलोनी, सेक्टर-डी1 कानपुर रोड निवासी किरण श्रीवास्तव ने थाना आशियाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके निर्माणाधीन मकान से अज्ञात चोर बिजली के कीमती तार चोरी कर ले गए हैं। इस मामले में थाना आशियाना पर मुकदमा संख्या 185/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
इसके बाद 17 जुलाई 2026 को रश्मिखंड, शारदानगर निवासी मंगल प्रसाद शर्मा ने अपने घर का ताला तोड़कर चोरी किए जाने की सूचना पुलिस को दी। इस पर थाना आशियाना में मुकदमा संख्या 188/2026 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
दोनों मामलों के खुलासे के लिए थाना आशियाना की पुलिस टीम लगातार काम कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल दो संदिग्ध व्यक्ति देवीखेड़ा से इको गार्डेन जाने वाले मार्ग पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार शातिर की पहचान राहिल उर्फ लंगड़ा (44 वर्ष) तथा मो. इस्माइल उर्फ टिल्लू (42 वर्ष) निवासी कांशीराम कॉलोनी, सालेहनगर थाना आशियाना के रूप में हुई है।
पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद किया। बरामदगी में एक जोड़ी पाजेब, एक जोड़ी पायल, पांच अतिरिक्त पायल, एक ब्रेसलेट, एक कमरबंद, एक सफेद धातु की चैन, एक पीली धातु की अंगूठी तथा चोरी किए गए बिजली के तार शामिल हैं। बरामदगी के बाद दोनों मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी कर दी गई। पेशेवर चोर की गिरफ्तारी से कई अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।
एक दर्जन से अधिक अपराधिक मुकदमों वाला निकला मुख्य आरोपी।
पुलिस जांच में पता चला कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी राहिल उर्फ लंगड़ा कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ लखनऊ के चिनहट, पीजीआई, हुसैनगंज, कृष्णानगर, मड़ियांव, कैंट, आशियाना सहित गोरखपुर के तिवारीपुर थाने में चोरी, नकबजनी और चोरी का माल रखने जैसे गंभीर अपराधों के 18 से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि वह पेशेवर नकबजन है और लंबे समय से चोरी की वारदातों को अंजाम देता रहा है। वहीं दूसरे आरोपी मो. इस्माइल उर्फ टिल्लू के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य थानों से जुटाई जा रही है।
न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए आरोपी।
गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दोनों ने राजधानी या आसपास के क्षेत्रों में और कितनी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है तथा इनके गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इन पुलिसकर्मियों को मिली सफलता।
इस कार्रवाई में थाना आशियाना के प्रभारी निरीक्षक गजेन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शुभम मेहंदियान, दिनेश सिंह, आलोक पाण्डेय, विजय प्रताप सिंह, मनीष सिंह, प्रतीक सिंह, अभिषेक कुमार, शिवप्रकाश सिंह, दिनेश कुमार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
