शुक्रवार, 7 अगस्त 2026

लखनऊ :राजधानी में चोरी की तीन बड़ी वारदातें, घर का ताला तोड़कर लाखों का सामान पार,ई-रिक्शे की बैटरियां और महिंद्रा ट्रियो ऑटो भी हुआ चोरी।||Lucknow: Three major incidents of theft in the capital, goods worth lakhs stolen by breaking the lock of the house, e-rickshaw batteries and Mahindra Trio auto also stolen.||

शेयर करें:
लखनऊ :
राजधानी में चोरी की तीन बड़ी वारदातें, घर का ताला तोड़कर लाखों का सामान पार,ई-रिक्शे की बैटरियां और महिंद्रा ट्रियो ऑटो भी हुआ चोरी।।
कृष्णानगर और सरोजनीनगर क्षेत्र में बढ़ीं चोरी की घटनाएं, पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू।।
दो टूक :  राजधानी लखनऊ में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कृष्णानगर और सरोजनीनगर थाना क्षेत्रों से घर में सेंधमारी, ई-रिक्शे की बैटरियां चोरी और चार्जिंग स्टेशन से महिंद्रा ट्रियो ऑटो चोरी होने के तीन अलग-अलग चोरी घटनाएं सामने आयी हैं। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
 1 - घर का दरवाजा तोड़कर मोबाइल, सोने की अंगूठी और नकदी चोरी।
कृष्णानगर थाना क्षेत्र के गोल्डन सिटी, अमौसी निवासी विजेंद्र सिंह यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 21 जुलाई 2026 को वह किसी आवश्यक कार्य से घर से बाहर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और Infinix Smart 8 HD मोबाइल, सोने की एक अंगूठी, करीब ₹15,500 नकद, पर्स तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए। घर लौटने पर मुख्य दरवाजा टूटा मिला और सामान गायब था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 - घर के बाहर खड़े ई-रिक्शे से चार बैटरियां पार।
दूसरे मामले में कृष्णानगर थाना क्षेत्र के दामोदर नगर, आलमबाग निवासी सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि उनका ई-रिक्शा (UP 32 RN 4803) 3 अगस्त की शाम घर के बाहर खड़ा था। 6 अगस्त की दोपहर जब उनके पिता ई-रिक्शा चलाने पहुंचे तो उसमें लगी चारों बैटरियां गायब थीं। आसपास तलाश के बावजूद बैटरियों का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
3- चार्जिंग स्टेशन से महिंद्रा ट्रियो ऑटो चोरी।
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के बेहसा निवासी शुभम सिंह ने पुलिस को बताया कि वह महिंद्रा ट्रियो ऑटो (UP 32 ZN 6416) चलाते हैं। 20 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र स्थित फिटनेस ग्राउंड के पास एक चार्जिंग प्वाइंट पर ऑटो चार्जिंग के लिए लगाया था। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे जब वह वाहन लेने पहुंचे तो ऑटो वहां से गायब था। काफी तलाश के बाद भी वाहन का पता नहीं चला, जिसके बाद पुलिस से शिकायत की गई।
पुलिस जांच में जुटी
तीनों मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने  मिली तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर घटनास्थलों के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के सहारे संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।