लखनऊ :
किसान के घर में लाखो की चोरी से इलाके में मचा हड़कंप,छत के रास्ते घर में घुसे चोर,जांच मे जुटी पुलिस।।
दो टूक : लखनऊ के कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र के मीनापुर गांव में बेखौफ चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाकर करीब 20 लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। गर्मी के चलते परिवार के लोग कमरों में ताला लगाकर बरामदे में सो रहे थे। इसी का फायदा उठाकर चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और दो कमरों की कुंडियां तोड़कर नगदी व लाखों रुपये के कीमती आभूषण समेट ले गए। चोरी की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की छानबीन शुरु कर दी।
विस्तार:
जानकारी के मुताबिक कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र मीनापुर गांव निवासी
जितेन्द्र कुमार पुत्र अवधेश कुमार ने स्थानीय पुलिस को लिखित शिकायत करते हुए बताया कि परिवार के सभी लोग उमश भरी गर्मी से रात में घर के बरामदे मे सो रहे थे सुबह तड़के भोर मे भाभी सोकर उठी घर के अन्दर का नजारा देखकर चीख पड़ी। खिड़की दरवाजे सब टूटे पड़े हुए थे घर के अन्दर सारा समान बिखरा पड़ा था। कीमती समान सब गायब थे।
चोर खिड़की तोड़कर घर के अंदर पहुंचे और कमरों में रखे सामान को खंगाला। सुबह जब परिवार के लोगों को चोरी की जानकारी हुई तो घर में हड़कंप मच गया। पीड़ित किसान ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वारदात के खुलासे के लिए डॉग स्क्वायड टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर चोरी का जल्द खुलासा करने और माल बरामद करने की मांग की है।
पुलिस गश्त पर उठे सवाल
मीनापुर गांव में घर में घुसकर लाखों रुपये की चोरी की बड़ी वारदात के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। साथ ही पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर गांव में नियमित पुलिस गश्त होती है तो चोर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर कैसे फरार हो गए।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने के साथ ही घटना का जल्द खुलासा कर चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गया माल बरामद करने की मांग की है।
