लखनऊ:
राती प्राथमिक विद्यालय के जर्जर शौचालय की छत का हिस्सा गिरा,बड़ा हादसा टला।
दो टूक : लखनऊ मोहनलालगंज विकास खंड क्षेत्र के राती में स्थित प्राथमिक विद्यालय में तीन दिन पहले तेज बारिश के दौरान जर्जर शौचालय की छत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। संयोग अच्छा रहा कि घटना के समय शौचालय के अंदर कोई छात्र या छात्रा मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने तत्काल शौचालय को बंद करा दिया।
विस्तार:
प्रधानाध्यापिका अंकिता वर्मा ने बताया कि छत गिरने के बाद सुरक्षा के दृष्टिगत शौचालय का उपयोग पूरी तरह बंद कर दिया गया है। विद्यालय परिसर में बने दिव्यांग शौचालय की मरम्मत कराकर उसे जल्द चालू कराया जाएगा। फिलहाल बच्चों के लिए शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय का शौचालय लंबे समय से जर्जर स्थिति में था, इसके बावजूद उसका उपयोग कराया जा रहा था। समय रहते मरम्मत न कराए जाने के कारण यह हादसा हुआ। अब शौचालय बंद होने से छात्र-छात्राओं को विद्यालय परिसर से बाहर जाना पड़ रहा है, जिससे उनकी सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ग्राम प्रधान के सहयोग से परिसर में बने दिव्यांग शौचालय की मरम्मत कराकर उसे शीघ्र चालू कराया जाएगा, ताकि बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।यदि हादसे के समय कोई बच्चा शौचालय के अंदर होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना ने विद्यालय भवनों और शौचालयों की जर्जर स्थिति की समय-समय पर जांच और मरम्मत की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
