लखनऊ :
रजिस्ट्री के नए आदेश के विरोध में भड़के अधिवक्त,उपनिबंधक कार्यालय पर जड़ा ताला।।
दो टूक : लखनऊ मोहनलालगंज तहसील मे बुधवार को शासन द्वारा जमीन की खरीद-फरोख्त में खरीदारों को सुविधा देने के उद्देश्य से जारी नए आदेश के विरोध में तहसील के अधिवक्ता आंदोलन पर उतर आए। अधिवक्ताओं ने उपनिबंधक कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। साथ ही आदेश वापस न होने तक न्यायिक कार्य से विरत रहने तथा उपनिबंधक कार्यालय बंद रखने का निर्णय लिया।
विस्तार :
बताते चलें शासन के नए आदेश के तहत अब मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र की भूमि से संबंधित दस्तावेजों का पंजीकरण केवल मोहनलालगंज उपनिबंधक कार्यालय ही नहीं, बल्कि जनपद लखनऊ के सदर क्षेत्र के सभी पांचों सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में भी कराया जा सकेगा। आदेश की जानकारी मिलते ही मोहनलालगंज बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और अधिवक्ता विरोध में उतर आए।बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कौशलेन्द्र शुक्ला और महामंत्री रामलखन ने कहा कि शासन का यह निर्णय स्थानीय अधिवक्ताओं की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा। उनका कहना था कि क्षेत्रीय लोगों को रजिस्ट्री के लिए 30 से 40 किलोमीटर दूर सदर जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त बर्बादी होगी। उन्होंने आशंका जताई कि दूसरे क्षेत्र में रजिस्ट्री होने से फर्जीवाड़े और धोखाधड़ी की घटनाओं की संभावना भी बढ़ सकती है।बुधवार सुबह से ही अधिवक्ताओं ने उपनिबंधक कार्यालय का कार्य पूरी तरह ठप करा दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तहसील परिसर में आयोजित आपात बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक शासन अपना आदेश वापस नहीं लेता, तब तक उपनिबंधक कार्यालय बंद रखा जाएगा और अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।उधर, बीकेटी बार एसोसिएशन ने भी इस निर्णय का विरोध करते हुए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। अध्यक्ष आशीष कुमार सिंह और महामंत्री जितेंद्र बहादुर सिंह ने आदेश तत्काल वापस लेने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासन ने निर्णय वापस नहीं लिया तो जिले के सभी बार एसोसिएशन संयुक्त रूप से व्यापक आंदोलन शुरू करेंगे।
