लखनऊ :
पति की बेरुखी से टूटी हिम्मत,ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ी महिला;हुई बेहोश, पुलिस-फायर टीम ने बचाई जान।।
दो टूक : लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पति और ससुराल पक्ष से प्रताड़ित होने का आरोप लगाते हुए एक महिला 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई और आत्महत्या करने का प्रयास किया। महिला ने खुद पुलिस को फोन कर टंकी पर चढ़ने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा। महिला को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार कानपुर के नौबस्ता स्थित आवास विकास हंसपुरम निवासी प्रियंका सिंह (35) ने वर्ष 2019 में सरोजनीनगर के गौरी बाजार निवासी अभिषेक उर्फ बबलू वर्मा से प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि विवाह के बाद ससुराल वालों ने उसे अपने घर में स्वीकार नहीं किया, जिसके चलते पति कुछ समय तक प्रियंका के मायके में ही रहा। महिला का कहना है कि 20 फरवरी 2026 को उसका पति अचानक मायके से चला गया और उसके बाद उससे दूरी बना ली।
प्रियंका ने बताया कि पति की तलाश में उसने नौबस्ता थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। बाद में पता चला कि पति अपने पैतृक घर में रह रहा है। इस पर उसने सरोजनीनगर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। शनिवार को एक बार फिर वह न्याय की उम्मीद लेकर सरोजनीनगर थाने पहुंची। पुलिस ने पति और उसके परिजनों को बुलाया, लेकिन काफी देर तक पति के नहीं पहुंचने पर महिला निराश हो गई। इसी बीच वह चुपचाप थाने से निकल गई और करीब ढाई किलोमीटर दूर लखनऊ एयरपोर्ट परिसर के पास स्थित पानी की टंकी पर पहुंच गई। टंकी का शटर खुला होने के कारण वह करीब 70 फीट की ऊंचाई तक चढ़ गई और वहीं से पुलिस को फोन कर आत्महत्या करने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। सरोजनीनगर पुलिस के साथ फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद फायर कर्मी टंकी पर चढ़े तो महिला सीढ़ियों पर अचेत अवस्था में मिली। उसे सुरक्षित नीचे उतारकर तत्काल लोकबंधु अस्पताल भेजा गया, जहां पुलिस की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने महिला के पति अभिषेक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत पर पति को थाने बुलाया गया था, लेकिन उसके पहुंचने में देरी हुई। इसी बीच महिला किसी के बहकावे या मानसिक तनाव में यह कदम उठा बैठी। पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
