लखनऊ :
साइबर अपराधी ने व्यवसाई के खाते से यूपीआई के जरिए उड़ाए डेढ़ लाख रुपए।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में साइबर जालसाजों ने एक व्यवसाई के बैंक खाते को निशाना बनाकर यूपीआई के जरिए छह बार में कुल 1 लाख 51 हजार रुपये पार कर दिए। खाते से रकम निकलने की जानकारी होने पर पीड़ित ने तत्काल केंद्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही आशियाना थाने में लिखित तहरीर दी।
विस्तार:
जानकारी के अनुसार थाना आशियाना क्षेत्र के एलडीए कॉलोनी सेक्टर-आई निवासी व्यवसाई रोहित कुमार त्रिपाठी के अनुसार उनकी फर्म ग्रोवटेक सॉल्यूशन का इंडसइंड बैंक में चालू खाता है। पीड़ित के मुताबिक बीती 12 और 18 जुलाई को साइबर जालसाजों ने उनके बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से कुल छह बार में 1,51,000 रुपये निकाल लिए।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने बैंक खाते अथवा यूपीआई से संबंधित कोई जानकारी किसी के साथ साझा नहीं की थी। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और आशियाना थाने में लिखित शिकायत दी।
इंस्पेक्टर आशियाना गजेन्द्र कुमार राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आईटी एक्ट धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर साइबर जालसाजों तक पहुंचने के लिए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
