लखनऊ :
सरोजनीनगर क्षेत्र में घर के सामने महिला की सोने की चेन लूटकर फरार हुए बेखौफ लुटेरे।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली सरोजनीनगर क्षेत्र में बेखौफ लुटेरों ने घर के सामने ही महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और स्कूटी से फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़िता के पति ने पुलिस को सूचना देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और लूटी गई चेन बरामद करने की मांग की है। पुलिस घटना की सूचना मिलते ही घटना स्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के सहारे लुटेरों की तलाश मे जुटी है।
विस्तार:
जानकारी के अनुसार थाना सरोजनीनगर क्षेत्र के शांतिनगर में मंगलवार को दिनदहाड़े चेन लूट की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। शांतिनगर निवासी चन्द्रपाल सोनी के मुताबिक, करीब साढ़े तीन बजे उनकी पत्नी मीरा वर्मा अपनी किरायेदार सुमन यादव के साथ दवा लेने के लिए घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान उनका बेटा रमन वर्मा कार स्टार्ट कर रहा था।
आरोप है कि तभी ग्रे रंग की स्कूटी पर सवार एक युवक वहां आकर रुका। दूसरा युवक पीछे से धीरे-धीरे आया और महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन खींच ली। चेन लूटने के बाद आरोपी साथी की स्कूटी पर बैठकर होटल एलिसन ग्रैंड की तरफ फरार हो गए।
घटना के तत्काल बाद पीड़िता के परिवार ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पीड़ित की तहरीर के आधार पर सरोजनीनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। दिनदहाड़े घर के सामने हुई चेन लूट की वारदात ने क्षेत्र में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर मे जुटी हुई है
