मऊ :
बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट,DM ने कटावरोधी कार्यों का किया निरीक्षण।
●तटबंधों की लगातार निगरानी और सभी तैयारियां पूरी रखने के दिए निर्देश।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने गुरुवार को ग्राम धर्मपुर बिशनपुर (विंटोलिया) के समीप चल रहे कटावरोधी एवं बाढ़ सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर परियोजना की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था और मरम्मत कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बाढ़ सुरक्षा परियोजना संतोषजनक पाई गई। अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि सरयू नदी का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है। इसके बावजूद किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता सिंचाई को निर्देशित किया कि सभी तटबंधों और बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अलर्ट मोड में रहें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अपर जिलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारी मधुबन को प्रतिदिन बाढ़ की स्थिति और सुरक्षा कार्यों से संबंधित सूचनाओं का आदान-प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता और अवर अभियंता को उप जिलाधिकारी मधुबन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखते हुए बाढ़ पूर्व सभी तैयारियां समय से पूरी करने को कहा।
जिलाधिकारी ने विंटोलिया टोला पहुंचकर स्थानीय परिस्थितियों का भी जायजा लिया और अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन-धन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके बाद जिलाधिकारी ने राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ से आए विशेषज्ञों के साथ बैठक कर संभावित बाढ़ के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की रणनीति पर चर्चा की। विशेषज्ञों द्वारा दिए गए सुझावों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
निरीक्षण एवं बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, अपर जिलाधिकारी प्रवीण कुमार, उप जिलाधिकारी मधुबन दीपक कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई संजय मातरे सहित सिंचाई विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
