सुलतानपुर :
सर्पदंश से 13 वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम।
दो टूक : सुलतानपुर जनपद के लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र स्थित नरसिंहपुर गांव में गुरुवार तड़के सर्पदंश से 13 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
विस्तार :
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरसिंहपुर निवासी पवन यादव का 13 वर्षीय पुत्र अंश यादव गुरुवार सुबह करीब चार बजे घर पर सांप के डंसने का शिकार हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लम्भुआ लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन तत्काल अंश को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद पूरे नरसिंहपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। बरसात के मौसम में खेतों, बगीचों और झाड़ियों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने तथा सर्पदंश की स्थिति में बिना देर किए नजदीकी अस्पताल पहुंचने की अपील की है।
