लखनऊ:
प्रेम-प्रसंग में प्रताड़ना से युवक ने फांसी लगाकर दी जान,DCP के आदेश पर प्रेमिका पर मुकदमा दर्ज।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र के शिवगुलाम खेड़ा मजरा परवर पश्चिम गांव में प्रेम-प्रसंग युवक ने आत्महत्या से जुड़ा एक मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवती की प्रताड़ना और उकसावे से परेशान होकर युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों का दावा है कि युवक ने आत्महत्या से पहले कथित तौर पर एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था, जिसमें युवती के खिलाफ बातें लिखी थीं। मृतक युवक की मां की तहरीर पर डीसीपी के आदेश पर बिजनौर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दिया है।
विस्तार:
थाना बिजनौर क्षेत्र शिवगुलाम खेड़ा मजरा परवर पश्चिम गांव निवासी मृतक युवक की मां सुखरानी पत्नी कल्लू ने पुलिस उपायुक्त दक्षिणी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका पुत्र शिवा राजपूत 23 जुलाई 2026 को घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला था। परिजनों के मुताबिक शिवा का प्रेम-प्रसंग ग्राम खटोला, थाना बंथरा निवासी प्रियांशी उर्फ लाडो पुत्री छत्रपाल से था।
मां का आरोप है कि प्रियांशी द्वारा कथित रूप से प्रताड़ित और उकसाए जाने के कारण शिवा ने यह कदम उठाया। परिजनों का यह भी दावा है कि शिवा ने प्रियांशी के विरुद्ध सुसाइड नोट छोड़ा था।
प्रार्थिनी के अनुसार घटना के बाद 25 जुलाई को थाना बिजनौर में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया था। आरोप है कि कई बार थाने के चक्कर लगाने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद अब पीड़िता ने पुलिस उपायुक्त दक्षिणी से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
