गौतमबुद्धनगर: जेवर के विकास से विपक्ष परेशान, बारिश के जलभराव को बना रहा मुद्दा : धीरेन्द्र सिंह
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास जलभराव वाले स्थल का विधायक ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को स्थायी जल निकासी व्यवस्था के दिए निर्देश
बोले—जेवर में एयरपोर्ट, सड़क, निवेश और रोजगार दिखता नहीं, विपक्ष को केवल गड्ढे नजर आते हैं
दो टूक//लखनऊ/जेवर, 12 अगस्त। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के समीप पार्किंग स्थल पर बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों के साथ जलभराव की स्थिति, जल निकासी व्यवस्था और मौके पर मौजूद कमियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा कर कमियों को तत्काल दूर करने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक धीरेन्द्र सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि “जिन्हें जेवर का अभूतपूर्व विकास दिखाई नहीं देता, उन्हें केवल गड्ढे और जलभराव नजर आ रहे हैं।” उन्होंने कहा कि बारिश के बाद कुछ स्थानों पर जलभराव होना निश्चित रूप से व्यवस्था में सुधार की जरूरत को दर्शाता है और इस समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा, लेकिन इसे जेवर में हो रहे व्यापक विकास को नकारने का माध्यम भी नहीं बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज जेवर की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बन रही है। जिस क्षेत्र को कभी विकास की मुख्यधारा से दूर माना जाता था, वहीं आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसरों के साथ विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जेवर उत्तर प्रदेश के बदलते औद्योगिक और आर्थिक स्वरूप का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है।
एयरपोर्ट को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में जेवर का एयरपोर्ट वर्षों तक केवल चर्चाओं और कागजों तक सीमित रहा, आज वही लोग एयरपोर्ट के आसपास बारिश के पानी को लेकर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को जेवर में बन रहा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, विकसित हो रही आधारभूत सुविधाएं, औद्योगिक निवेश और युवाओं के लिए पैदा हो रहे रोजगार के अवसर दिखाई नहीं देते।
विधायक ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने जेवर को देश और दुनिया के मानचित्र पर नई पहचान दी है। एयरपोर्ट के साथ आसपास के क्षेत्रों में सड़क, कनेक्टिविटी, औद्योगिक गतिविधियों और निवेश की संभावनाएं तेजी से बढ़ी हैं। इससे आने वाले समय में क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को और गति मिलने की उम्मीद है।
जलभराव की समस्या का होगा स्थायी समाधान
विधायक ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के बीच किसी भी प्रकार की तकनीकी कमी अथवा जलभराव की समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से जल निकासी व्यवस्था की तकनीकी समीक्षा कराने और जहां भी कमी सामने आए, वहां आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि “कमी जहां होगी, उसे ठीक कराया जाएगा। जनता को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।” साथ ही उन्होंने कहा कि कुछ समय के जलभराव को जेवर और पूरे उत्तर प्रदेश में हो रहे ऐतिहासिक विकास पर पर्दा डालने का राजनीतिक माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा।
‘विपक्ष तस्वीरों में गड्ढे खोजता रहे, हम विकास की नई इबारत लिखेंगे’
धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि विपक्ष यदि तस्वीरों में गड्ढे खोजकर राजनीति करना चाहता है तो करता रहे, लेकिन सरकार और प्रशासन का लक्ष्य जेवर में विकास की नई इबारत लिखना है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान जहां भी कोई कमी सामने आएगी, उसे चिन्हित कर दूर कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जेवर आज जिस तेजी से बदल रहा है, वह आने वाले वर्षों में पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाला है। एयरपोर्ट के साथ औद्योगिक निवेश, बेहतर कनेक्टिविटी और रोजगार के अवसर जेवर को प्रदेश के प्रमुख विकास केंद्रों में शामिल कर रहे हैं। ऐसे में विकास की इस यात्रा को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।।
