गुरुवार, 13 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में वाहन चोर गिरोह का खुलासा, दो गिरफ्तार; तीन चोरी की बाइक बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में वाहन चोर गिरोह का खुलासा, दो गिरफ्तार; तीन चोरी की बाइक बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सेक्टर-39 पुलिस ने सोम बाजार के पास दबोचे दो शातिर वाहन चोर, अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई तीन मोटरसाइकिलें बरामद

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 12 अगस्त 2026 को सोम बाजार के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय (20) पुत्र पप्पूलाल, निवासी ग्राम अराब खुर्द, थाना सिरसागंज, जिला फिरोजाबाद, हाल निवासी गली नंबर-2, निठारी, थाना सेक्टर-20, नोएडा और करन (19) पुत्र राकेश, निवासी गली नंबर-5, दुर्गा विहार कॉलोनी, सदरपुर, सेक्टर-45, थाना सेक्टर-39, नोएडा के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हीरो स्प्लेंडर, टीवीएस राइडर और सफेद रंग की KTM मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर UP 16 EF 7307 है, जो थाना सेक्टर-39 में दर्ज मुकदमे से संबंधित बताई गई है। इसके अलावा TVS Rider (UP 16 FU 3637) और KTM (MH 05 DY 0864) भी बरामद हुई हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-39 में वाहन चोरी और चोरी के माल की बरामदगी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मु0अ0सं0 400/2026 में धारा 303(2), 317(2) बीएनएस तथा मु0अ0सं0 401/2026 में धारा 317(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने वाहन चोरी की कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है और चोरी के वाहनों को आगे किसे बेचते थे। बरामद तीनों मोटरसाइकिलों के संबंध में भी पुलिस द्वारा आवश्यक जांच की जा रही है।

थाना सेक्टर-39 पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।