गौतमबुद्धनगर: दनकौर में सवारी बनाकर लूटपाट करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, दो घायल!!
कार में लिफ्ट देकर यात्रियों को बनाते थे बंधक, ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कराकर करते थे लूट; दो युवकों को पुलिस ने सकुशल मुक्त कराया
दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 15 अगस्त 2026। दनकौर थाना क्षेत्र में सवारी बनाकर लोगों को कार में बैठाने और रास्ते में डरा-धमकाकर लूटपाट करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके से पुलिस ने दो तमंचे, कारतूस, मोबाइल फोन, नकदी और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। वहीं, बदमाशों के कब्जे से दो युवकों को सकुशल मुक्त कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त को पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि दनकौर क्षेत्र में एक युवक को कार में सवारी के रूप में बैठाने के बाद बदमाशों ने उसे बंधक बना लिया है और डरा-धमकाकर ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर करा लिए हैं। सूचना मिलते ही दनकौर थाना पुलिस और पीआरवी टीम सक्रिय हो गई।
जांच में पता चला कि धौलपुर, राजस्थान निवासी हेमेन्द्र पुत्र जगन सिंह (27 वर्ष) दनकौर क्षेत्र स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी के पास आगरा की ओर जाने वाले टोल से धौलपुर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान कार सवार कुछ युवकों ने उसे सवारी के रूप में अपनी कार में बैठा लिया। आरोप है कि कुछ दूर ले जाने के बाद बदमाशों ने उसे डरा-धमकाकर ऑनलाइन रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बदमाशों की कार आई-20, नंबर HR-10-X-0405 की पहचान कर उसका पीछा शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक, अंडरपास के पास पुलिस टीम ने कार को रोकने का प्रयास किया। खुद को पुलिस से घिरता देख कार सवार बदमाशों ने भागने का प्रयास किया और वाहन से उतरकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायल बदमाशों की पहचान अभिनय पल्लव पुत्र धनंजय कुमार, निवासी महमदपुर, थाना काको, जहानाबाद, बिहार, उम्र 24 वर्ष तथा सत्यम सिंह पुत्र अरुण कुमार, निवासी शुगर मिल, भउआपुर मस्तान नगर, थाना सिम्भावली, हापुड़, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दोनों पीड़ित युवकों को सकुशल मुक्त कराया। इनमें धौलपुर निवासी हेमेन्द्र के अलावा नमन पुत्र राघवेंद्र, निवासी कानपुर नगर, उम्र 18 वर्ष भी शामिल है, जिसे बदमाशों ने जीरो प्वाइंट से अपनी कार में बैठाया था।
पुलिस ने बरामद किया असलहा और लूट का सामान
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से घटना में प्रयुक्त आई-20 कार, दो .315 बोर के तमंचे, दो खोखे, पांच जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, छीने गए 10 हजार रुपये और एक अवैध चाकू बरामद किया है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार/घायल आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों बदमाशों के साथ इस तरह की वारदातों में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस द्वारा मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दो युवकों को बंधक बनाए जाने की घटना का खुलासा होने के साथ ही उन्हें सकुशल मुक्त कराया गया।।
