गौतमबुद्धनगर: ऑटो से करते थे रेकी, बंद मकानों और कंपनी साइटों को बनाते थे निशाना; दो शातिर चोर गिरफ्तार!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 15 अगस्त 2026। थाना बीटा-2 पुलिस ने घरों और कंपनी साइटों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ऑटो से इलाके में रेकी करते थे और बंद पड़े मकानों तथा कंपनी साइटों को निशाना बनाकर वहां से कीमती सामान चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए सामान को बेचकर दोनों आरोपी अवैध रूप से धन अर्जित करते थे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उस्मान पुत्र साविर अली निवासी बबराला, थाना रजपुरा, जनपद संभल, हाल निवासी ग्राम लडपुरा, थाना कासना, गौतमबुद्धनगर तथा सोनू पुत्र रामजीत निवासी अजवई नगला, थाना जुनावई, जनपद संभल, हाल निवासी ग्राम खानपुर, थाना कासना, गौतमबुद्धनगर के रूप में की है।
कंपनी साइट से चोरी की घटना का खुलासा
पुलिस के मुताबिक 29 जुलाई 2026 को आरोपियों ने साइट-4 स्थित एक कंपनी से एक कैरियर कंपनी का एसी, एक जम्बो ट्यूबलर बैटरी, एक सुपर्ब वेल्डिंग मशीन और काले रंग की केबल चोरी की थी। इस संबंध में पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना बीटा-2 में मुकदमा अपराध संख्या 292/2026 धारा 305(ए)/317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया एक ऑटो और दो अवैध चाकू भी बरामद किए हैं।
रेकी के बाद करते थे चोरी
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी ऑटो में घूमकर पहले बंद मकानों और कंपनी साइटों की रेकी करते थे। मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते और चोरी किए गए सामान को बेच देते थे। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।
उस्मान पर कई मुकदमे दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी उस्मान के खिलाफ जनपद संभल के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल रखने/खरीदने, लूट, धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा थाना बीटा-2 में भी दोनों आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम और चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
- एक कैरियर कंपनी का एसी
- एक जम्बो ट्यूबलर बैटरी
- एक सुपर्ब वेल्डिंग मशीन
- काले रंग की केबल
- घटना में प्रयुक्त एक ऑटो
- दो अवैध चाकू
बरामद किए हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके द्वारा की गई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।।
