गौतमबुद्धनगर: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगा गौतमबुद्धनगर, डीएम ने कहा—कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा ही शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि!!
कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण, अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प
धर्म पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पुत्री को किया सम्मानित
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 15 अगस्त 2026। राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गौतमबुद्धनगर देशभक्ति, उत्साह और उल्लास से सराबोर नजर आया। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित हुआ, जहां जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान में प्रतिभाग किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय शिव नारायण गुप्ता की पुत्री संध्या गुप्ता को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले धर्म पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा के विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
शहीदों के बलिदान को किया याद
ध्वजारोहण के उपरांत अमर शहीदों के बलिदान और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को स्मरण करते हुए विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि आजादी का यह पावन पर्व हमें उन असंख्य वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज भारत निरंतर प्रगति और विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझने तथा उन्हें पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लेने का दिन भी है।
स्वच्छता और समाजसेवा में भागीदारी का आह्वान
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को देशभक्ति की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ अपने परिवार, आसपास के लोगों और समाज को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं प्रेरित कर सकता है।
जिलाधिकारी ने सामाजिक सेवा पर भी जोर देते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद, निराश्रित और वंचित लोगों की सहायता करना हम सभी की जिम्मेदारी है। जन्मदिन, वर्षगांठ अथवा अन्य विशेष अवसरों को जरूरतमंदों की सेवा और सहायता के लिए समर्पित कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई जा सकती है।
बच्चों को वीरों की गाथाएं बताने की जरूरत
जिलाधिकारी ने कहा कि नई पीढ़ी को देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान से परिचित कराना बेहद जरूरी है। बच्चों को यह समझाना होगा कि जिस देश की आजादी के लिए हमारे वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उसके प्रति हमारी भी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा के लिए हमेशा बड़े कार्य करना जरूरी नहीं है। जीवन में किए गए छोटे-छोटे सकारात्मक कार्य भी देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। जमीन से जुड़कर राष्ट्रहित में कार्य करना और अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वीर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
अधिकारियों-कर्मचारियों से ईमानदारी से कार्य करने का आह्वान
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पूरी मेहनत, ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करते हुए जनपद में विकास कार्यों को और गति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन देशहित एवं जनसेवा की भावना से करेगा तो निश्चित रूप से भारत को सशक्त, समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकेगा।
विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने जीता दिल
समारोह में धर्म पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा के विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अतिथियों ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार, अपर जिलाधिकारी भू0/अ0 अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, डिप्टी कलेक्टर हरिशंकर लाल, अरुण वर्मा, जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कैंप कार्यालय में भी हुआ ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने कैंप कार्यालय में भी ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के उपरांत उन्होंने उपस्थित बच्चों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। पूरे जनपद में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों के दौरान देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना देखने को मिली।।
