गौतमबुद्धनगर: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस लाइन्स में शान से लहराया तिरंगा, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने दिलाई राष्ट्र की एकता-अखंडता की शपथ!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में राष्ट्रीय पर्व पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन्स गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के साथ सशक्त एवं समृद्ध भारत के निर्माण में अपना सर्वोच्च योगदान देने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों का आह्वान किया कि वे शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा देश की सुरक्षा, सम्मान और अखंडता को और अधिक मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
उत्कृष्ट एवं साहसिक सेवाओं के लिए पुलिसकर्मी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उत्कृष्ट, सराहनीय एवं साहसिक कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न सम्मान प्रदान कर उनकी सेवाओं की सराहना की गई। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश की ओर से प्रदान किए जाने वाले उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह से उपनिरीक्षक ना.पु. राकेश यादव, थाना बीटा-2 को सम्मानित किया गया।
वहीं सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह निरीक्षक ना.पु. उमेश चन्द नैथानी, प्रभारी मीडिया सेल/आईजीआरएस सेल को प्रदान किया गया।
शौर्य के आधार पर पुलिस महानिदेशक प्रशंसा चिन्ह (स्वर्ण) से मुख्य आरक्षी ना.पु. रवि कुमार, थाना साइबर क्राइम को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा सेवाभिलेख के आधार पर प्रशंसा चिन्ह (रजत) प्राप्त करने वालों में उपनिरीक्षक बृजेन्द्र सिंह (थाना बिसरख), उपनिरीक्षक चेतन सिंह (थाना नॉलेज पार्क), उपनिरीक्षक यशपाल सिंह (थाना सेक्टर-63), उपनिरीक्षक जीवन सिंह यादव (थाना एक्सप्रेसवे), उपनिरीक्षक सर्वेश कुमार (थाना सेक्टर-39), उपनिरीक्षक सुभाष चन्द्र (थाना सेक्टर-58) तथा उपनिरीक्षक रामबल सिंह (थाना बिसरख) शामिल रहे।
शौर्य के आधार पर प्रशंसा चिन्ह (रजत) पाने वाले पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक रवि सूर्यवंशी, महिला उपनिरीक्षक मधु सिंह, महिला उपनिरीक्षक ज्योति बालियान, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार, मुख्य आरक्षी विशाल कुमार, मुख्य आरक्षी सोनू कुमार, महिला मुख्य आरक्षी नीलम राठी, मुख्य आरक्षी एलआईयू सुधीर सिंह, मुख्य आरक्षी पंकज उपाध्याय, आरक्षी अरविन्द सिंह तथा आरक्षी संदीप यादव शामिल रहे।
शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को किया गया सम्मानित
समारोह का सबसे भावुक क्षण उस समय आया जब कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पांच शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सम्मानित एवं पुरस्कृत किया।
सम्मानित होने वालों में स्वर्गीय तीरथपाल सिंह (फायर सर्विस चालक) की पत्नी श्रीमती मधु तोमर, स्वर्गीय रोहित यादव (फायरमैन) की पत्नी श्रीमती आयुषी चौधरी, निरीक्षक स्वर्गीय सुबोध कुमार सिंह की पत्नी श्रीमती रजनी, हेड कांस्टेबल स्वर्गीय बिजेन्द्र कुमार की पत्नी श्रीमती मिथलेश तथा कांस्टेबल स्वर्गीय सुनील भाटी की पत्नी श्रीमती मुनेश कुमारी शामिल रहीं।
पुलिस कमिश्नर ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को भरोसा दिलाया कि पुलिस परिवार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहेगा। इस दौरान पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण योगदान एवं सहयोग देने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
पुलिस कार्यालयों में भी हुआ ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर-108 में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र तथा कमिश्नरेट मुख्यालय सूरजपुर में पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल नोएडा) श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया और पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र, पुलिस उपायुक्त (लाइन्स) डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) श्रीमती सुनीति, पुलिस उपायुक्त (नोएडा) श्री साद मियां खान, पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल नोएडा) श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) श्री रवि शंकर निम, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) श्रीमती शैव्या गोयल, अपर पुलिस उपायुक्त श्री आर.के. गौतम सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनसमूह को मिष्ठान वितरित किया गया तथा सूक्ष्म जलपान के लिए आमंत्रित किया गया।
सभी थानों में भी गूंजा राष्ट्रगान
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के सभी थानों एवं कार्यालयों में भी 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। पुलिसकर्मियों ने तिरंगे को सलामी देते हुए राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का गायन किया। थाना प्रभारियों ने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा तथा देश को और अधिक सुदृढ़ बनाने में अपना सर्वोच्च योगदान देने की शपथ दिलाई।
इस तरह गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, शौर्य, सेवा और बलिदान की भावना के साथ संपन्न हुआ।।
