शुक्रवार, 14 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस का सघन निरीक्षण, मॉल और मेट्रो स्टेशन पर बढ़ाई सतर्कता!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस का सघन निरीक्षण, मॉल और मेट्रो स्टेशन पर बढ़ाई सतर्कता!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

फुट पेट्रोलिंग कर पुलिस अधिकारियों ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की जांच कर सुरक्षा कर्मियों को दिए जरूरी दिशा-निर्देश

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता और निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, बीडीडीएस टीम और डॉग स्क्वाड के साथ ग्रेटर नोएडा के प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया।

अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्री रवि शंकर निम, एडीसीपी ग्रेटर नोएडा श्री संतोष कुमार, एसीपी-1 ग्रेटर नोएडा श्री कृष्ण पाल सिंह, थाना बीटा-2 एवं थाना नॉलेज पार्क के प्रभारियों, बीडीडीएस टीम तथा डॉग स्क्वाड के साथ थाना बीटा-2 और नॉलेज पार्क क्षेत्र में सघन फुट पेट्रोलिंग की। इस दौरान टीम ने मॉल, परी चौक मेट्रो स्टेशन तथा आसपास के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।

पुलिस अधिकारियों ने मॉल एवं मेट्रो स्टेशन में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और निगरानी व्यवस्था को भी जांचा। साथ ही वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा कर्मियों से कहा गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

निरीक्षण के दौरान संबंधित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों की सघन चेकिंग करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों, मॉल, मेट्रो स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। पुलिस टीमों को लगातार गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर नजर रखने और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।

गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर की जा रही इस सघन निगरानी और चेकिंग से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ-साथ किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पुलिस की तैयारियों को भी परखा जा रहा है।।