बुधवार, 26 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: ईस्टर्न पेरीफेरल पर भीषण टक्कर, ट्रक के केबिन में फंसा चालक; हाइड्रा की मदद से निकाला!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ईस्टर्न पेरीफेरल पर भीषण टक्कर, ट्रक के केबिन में फंसा चालक; हाइड्रा की मदद से निकाला!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े दूसरे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद तेज रफ्तार ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसी केबिन में फंस गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही बादलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। क्षतिग्रस्त केबिन में चालक के फंसे होने के कारण उसे बाहर निकालना पुलिस के लिए चुनौती बन गया। पुलिस ने हाइड्रा क्रेन की मदद से कड़ी मशक्कत करते हुए क्षतिग्रस्त केबिन को हटवाया और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।

हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा बादलपुर थाना क्षेत्र में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर हुआ। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार के कारण चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और वह आगे खड़े ट्रक से जा टकराया। पुलिस द्वारा हादसे से संबंधित अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।।