शामली में दिनदहाड़े हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या, 20 राउंड फायरिंग से दहला इलाका!!
दो टूक//शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में बुधवार शाम हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े चर्चित गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। सदर कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी में जिम से वर्कआउट कर बाहर निकले अंकित जैसे ही अपनी स्कॉर्पियो में बैठे, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 20 राउंड गोलियां चलाईं। सिर में गोली लगने से अंकित की मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, अंकित बालियान बुधवार शाम करीब सात बजे आर्यपुरी स्थित जिम से वर्कआउट करने के बाद बाहर निकले थे। वह अपनी गाड़ी में बैठने ही वाले थे, तभी हथियारों से लैस हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर पैदल आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान' गाने से मिली थी पहचान
अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी गायकी और अभिनय के लिए पहचान रखते थे। उनके चर्चित गाने 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान' ने उन्हें खास पहचान दिलाई थी। हरियाणा के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में भी उनकी अच्छी फैन फॉलोइंग बताई जाती है।
अंकित मूल रूप से शामली जिले के बंटीखेड़ा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों से वह हरियाणा के रोहतक और सोनीपत में रहकर गायकी और एक्टिंग के क्षेत्र में काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि करीब एक साल से वह आर्यपुरी स्थित इसी जिम में नियमित रूप से वर्कआउट करने आते थे।
पुरानी रंजिश या गैंगवार की आशंका
हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या गैंगवार की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वारदात की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। घटनास्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर परिजनों का प्रदर्शन
अंकित की हत्या की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और समर्थक मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों का कहना है कि जब तक हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि अंकित बालियान आगामी जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे। ऐसे में उनकी हत्या के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि हत्याकांड की जांच तेजी से की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।।
