शनिवार, 29 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: जन्माष्टमी को लेकर इस्कॉन मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का पुलिस ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर दिए विशेष दिशा-निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जन्माष्टमी को लेकर इस्कॉन मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का पुलिस ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर दिए विशेष दिशा-निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के इस्कॉन मंदिर पहुंचने की संभावना को देखते हुए शनिवार को पुलिस अधिकारियों ने थाना सेक्टर-24 क्षेत्र स्थित इस्कॉन मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं डीसीपी नोएडा श्री साद मियां खान के पर्यवेक्षण में एडीसीपी नोएडा श्रीमती मनीषा सिंह ने एसीपी-2 नोएडा श्री मयंक तिवारी तथा एसीपी यातायात नोएडा श्री सौरभ सिंह के साथ मंदिर परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मंदिर पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जन्माष्टमी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं सुगम आवागमन को लेकर विस्तार से चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान प्रवेश एवं निकास मार्ग, पुलिस ड्यूटी प्वाइंट, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और बैरिकेडिंग समेत अन्य सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और भीड़ बढ़ने की स्थिति में भी आवागमन व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

एडीसीपी नोएडा ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता, आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

पुलिस अधिकारियों ने मंदिर प्रबंधन से भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने तथा श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार संचालित कराने पर चर्चा की। पुलिस का उद्देश्य जन्माष्टमी पर्व के दौरान सुरक्षित वातावरण, प्रभावी भीड़ प्रबंधन और निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

गौतमबुद्धनगर पुलिस ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कदम उठाने के निर्देश भी दिए।।