शनिवार, 29 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: मोबाइल स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार; 8 स्नैच किए मोबाइल और चोरी की बाइक बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मोबाइल स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार; 8 स्नैच किए मोबाइल और चोरी की बाइक बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना फेस-3 पुलिस ने मोबाइल फोन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्नैच किए गए 08 मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल और 2,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी चोरी की बाइक पर सवार होकर राह चलते लोगों को निशाना बनाते थे और मोबाइल फोन छीनने के बाद उन्हें मजबूरी बताकर सस्ते दामों में बेच देते थे।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 28 अगस्त 2026 को थाना फेस-3 पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को डंपिंग ग्राउंड के पास, सर्विस रोड, सेक्टर-71 से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरेन्द्र सिंह (21) पुत्र मनोज चौहान, निवासी ग्राम संगीसा, जिला फर्रुखाबाद, वर्तमान पता शिवा बिल्डर्स कॉलोनी, चार मूर्ति, थाना बिसरख और रजनीश (26) पुत्र पन्ना लाल सैनी, निवासी ग्राम खरिया बैन, थाना जलीफ नगर, जिला बदायूं, वर्तमान पता बृजवासीपुरम कॉलोनी, चार मूर्ति, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।

चोरी की बाइक से राहगीरों को बनाते थे निशाना

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर अलग-अलग स्थानों पर राह चलते लोगों से मोबाइल फोन स्नैच करते थे। वारदात के बाद आरोपी इन मोबाइल फोन को राह चलते लोगों को अपनी मजबूरी बताकर कम कीमत में बेच देते थे। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों और उनके नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

आठ मोबाइल फोन और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 08 स्नैच किए गए मोबाइल फोन, 01 चोरी की मोटरसाइकिल और 2,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।

आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना फेस-3 में मोबाइल स्नैचिंग से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार—

  • मु0अ0सं0 367/2026, धारा 304(2)/317(2)/317(5) बीएनएस, थाना फेस-3।
  • मु0अ0सं0 355/2026, धारा 304(2) बीएनएस, थाना फेस-3।
  • मु0अ0सं0 425/2026, थाना सेक्टर-58, जनपद फरीदाबाद, हरियाणा।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मोबाइल स्नैचिंग की अन्य घटनाओं और इनके आपराधिक नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।