मंगलवार, 18 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में दो शातिर स्नैचरों की गिरफ्तारी से खुला राज, चोरी की बाइक से करते थे मोबाइल फोन पर हाथ साफ!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में दो शातिर स्नैचरों की गिरफ्तारी से खुला राज, चोरी की बाइक से करते थे मोबाइल फोन पर हाथ साफ!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

चोरी की मोटरसाइकिल, स्नैच किए गए 3 मोबाइल फोन, 900 रुपये और 2 अवैध चाकू बरामद; दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास

दो टूक//नोएडा। थाना फेस-1 पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग और दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, स्नैचिंग के तीन मोबाइल फोन, वारदात से संबंधित 900 रुपये और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों के अपराध करने के तरीके का भी खुलासा हुआ है। दोनों आरोपी पहले रैकी करते थे और फिर चोरी की मोटरसाइकिल से मोबाइल फोन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को थाना फेस-1 पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से कार्रवाई करते हुए सेक्टर-14 और सेक्टर-15 के बीच बने पुल के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज पुत्र दर्शन, निवासी हरौला, सेक्टर-5, नोएडा और मोनू पुत्र ओमबीर, निवासी न्यू अशोक नगर, दिल्ली के रूप में हुई है।

चोरी की बाइक से करते थे मोबाइल स्नैचिंग

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा में दोपहिया वाहनों की रैकी करते थे। मौका मिलते ही वाहन चोरी कर लेते थे। इसके बाद चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल मोबाइल फोन स्नैचिंग की वारदातों में किया जाता था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से बरामद मोटरसाइकिल करीब सात महीने पहले दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके से चोरी की गई थी। इसके अलावा करीब एक माह पहले आरोपियों ने नोएडा के सेक्टर-2 स्थित फायर स्टेशन के पास से एक मोबाइल फोन स्नैच किया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इस मोबाइल को बाद में दिल्ली की गाजीपुर मंडी के पास एक राहगीर को करीब 3 हजार रुपये में बेच दिया गया था।

आरोपियों ने करीब 20 दिन पहले सेक्टर-2 फायर स्टेशन के पास से एक रेडमी-10 मोबाइल फोन भी स्नैच करने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार, इस मोबाइल को भी राह चलते व्यक्ति को बेच दिया गया था।

दोनों आरोपियों पर दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपी नीरज का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ नोएडा के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, अवैध हथियार, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत 11 मुकदमे दर्ज हैं।

वहीं दूसरे आरोपी मोनू के खिलाफ नोएडा और दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, अवैध हथियार, मारपीट समेत अन्य धाराओं में 18 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। दोनों आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने यह सामान किया बरामद

थाना फेस-1 पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:

  • 01 चोरी की मोटरसाइकिल
  • 03 स्नैचिंग/चोरी के मोबाइल फोन
  • 900 रुपये नकद
  • 02 अवैध चाकू

बरामद किए हैं।

मुकदमा दर्ज, आगे की जांच जारी

थाना फेस-1 पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 449/2026, धारा 317(2)/317(5) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनकी अन्य वारदातों, चोरी के वाहनों और स्नैचिंग की घटनाओं से जुड़े मामलों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और पूर्व में की गई अन्य वारदातों के संबंध में भी जांच की जा रही है।