गौतमबुद्धनगर: सतेन्द्र शर्मा को कांग्रेस ने दी बड़ी जिम्मेदारी, गाजियाबाद जिले का सह-पर्यवेक्षक नियुक्त!!
संगठन सृजन अभियान के तहत बूथ स्तर तक कांग्रेस को मजबूत करने की जिम्मेदारी, कार्यकर्ताओं में उत्साह
दो टूक//नोएडा, 8 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन सृजन अभियान को गति देने और पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से नोएडा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं स्टेट कोऑर्डिनेटर सतेन्द्र शर्मा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी सूची में सतेन्द्र शर्मा को गाजियाबाद जिले का सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वह संगठन सृजन अभियान के अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं हरियाणा के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व सांसद अशोक तंवर के साथ मिलकर गाजियाबाद जिले में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
सतेन्द्र शर्मा को मिली इस अहम जिम्मेदारी के बाद नोएडा और गाजियाबाद के कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन के प्रति उनकी सक्रियता, निरंतर मेहनत और जमीनी स्तर पर कार्य करने की क्षमता को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।
संगठन सृजन अभियान के तहत बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की होगी कवायद
सह-पर्यवेक्षक के रूप में सतेन्द्र शर्मा गाजियाबाद जिले में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में भूमिका निभाएंगे। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं को जोड़ने और संगठन को अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
सतेन्द्र शर्मा ने इस जिम्मेदारी के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गौतमबुद्धनगर जिले से एक सामान्य कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं को एकजुट कर पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान केवल संगठन के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि कांग्रेस की विचारधारा और जनहित से जुड़े मुद्दों की आवाज को गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचाने का अभियान है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ काम किया जाएगा।
पहले भी निभा चुके हैं संगठनात्मक जिम्मेदारियां
सतेन्द्र शर्मा को इससे पहले भी कांग्रेस संगठन की ओर से विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं। वह बागपत जिले के प्रभारी सहित अन्य राज्यों में भी संगठनात्मक दायित्व निभा चुके हैं। पार्टी द्वारा पूर्व में दी गई जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद अब एक बार फिर उन्हें महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
सतेन्द्र शर्मा की नियुक्ति पर नोएडा एवं गाजियाबाद के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके अनुभव, सक्रियता और जमीनी स्तर पर कार्य करने की क्षमता से गाजियाबाद जिले में कांग्रेस संगठन को नई मजबूती मिलेगी और संगठन सृजन अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा।।
