बुधवार, 19 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर:‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ की मिसाल: विश्व हिंदू महासंघ ने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती को पहुंचाया अपना घर आश्रम!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर:‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ की मिसाल: विश्व हिंदू महासंघ ने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती को पहुंचाया अपना घर आश्रम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। मानव सेवा और सामाजिक सरोकार की भावना को आगे बढ़ाते हुए विश्व हिंदू महासंघ, जिला गौतमबुद्ध नगर की टीम ने एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया। महासंघ के कार्यकर्ताओं ने करीब 25 वर्षीय युवती माया कुमारी को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने के बाद अपना घर आश्रम, सेक्टर-34 नोएडा पहुंचाया।

विश्व हिंदू महासंघ के जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी को दोपहर करीब एक बजे सेक्टर-85 पुलिस चौकी के पास युवती के मानसिक रूप से अस्वस्थ अवस्था में घूमने की सूचना मिली। दिनेश के माध्यम से मिली सूचना में बताया गया कि युवती अपना नाम माया कुमारी बता रही है, लेकिन अपने घर, परिवार अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी के बारे में वह कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रही थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी ने तत्काल सक्रियता दिखाई और अपना घर आश्रम की टीम से संपर्क किया। सूचना मिलते ही आश्रम की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान विपिन चौधरी के साथ नोएडा महानगर ब्लॉक अध्यक्ष एवं मातृशक्ति प्रकोष्ठ की किरण त्यागी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने युवती को संभाला और उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।

इसके बाद युवती को थाना फेस-2 की जीडी में अपडेट कराया गया। पुलिस स्तर की आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद उसका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भंगेल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अपना घर आश्रम की एंबुलेंस के माध्यम से शाम करीब चार बजे माया कुमारी को सुरक्षित रूप से अपना घर आश्रम, सेक्टर-34, नोएडा पहुंचाया गया।

इस पूरे सेवा कार्य में जिला प्रभारी चौधरी तेज सिंह, महानगर अध्यक्ष मातृशक्ति प्रकोष्ठ किरण त्यागी, निरंजन गुप्ता, दिनेश, महिला कांस्टेबल ममता बालियान और जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी सहित महासंघ के अन्य कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

सेवा कार्यों में लगातार सक्रिय रहते हैं विपिन चौधरी

विश्व हिंदू महासंघ के जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी ने इस पूरे मामले में जिस तत्परता और संवेदनशीलता के साथ पहल की, उसकी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सराहना की। सूचना मिलने के बाद उन्होंने मामले को केवल सूचना तक सीमित न रखते हुए युवती को सुरक्षित आश्रय दिलाने के लिए संबंधित संस्था से तत्काल संपर्क किया और पूरी प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाई।

विपिन चौधरी ने कहा कि समाज में ऐसे कई लोग होते हैं जो किसी कारणवश अपने परिवार और पहचान से दूर हो जाते हैं। ऐसे लोगों की मदद करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा किसी पद या संस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति के साथ खड़े होना ही सच्ची सेवा है।

विश्व हिंदू महासंघ की टीम ने कहा कि माया कुमारी को सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाना केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी निभाना नहीं, बल्कि ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ की भावना को धरातल पर उतारने का प्रयास है। महासंघ ने भविष्य में भी जरूरतमंद, असहाय और बेसहारा लोगों की सहायता के लिए इसी तरह सक्रिय रहने का संकल्प दोहराया।