रविवार, 2 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: महादेव अपार्टमेंट में गूंजा स्वच्छता का संदेश, बच्चों से बुजुर्गों तक ने लिया साफ-सफाई का संकल्प!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: महादेव अपार्टमेंट में गूंजा स्वच्छता का संदेश, बच्चों से बुजुर्गों तक ने लिया साफ-सफाई का संकल्प!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

‘मेरी सोसाइटी, हम सब मिलकर संवारें’ अभियान में लोगों ने की सफाई, डॉ. महिपाल सिंह को ‘सेवा सम्मान’ से किया सम्मानित

दो टूक//नोएडा। सेक्टर-73 स्थित महादेव अपार्टमेंट में रविवार को टीम वॉलिंटियर्स और आई केयर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में ‘मेरी सोसाइटी, हम सब मिलकर संवारें’ स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में सोसाइटी के बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन के डॉ. महिपाल सिंह ने सोसाइटी निवासियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि हमारी रोजमर्रा की आदतों के साथ-साथ हमारे बोलने और खड़े होने का तरीका भी स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव डालता है। उन्होंने लोगों से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और जीवनशैली में छोटी-छोटी सकारात्मक आदतों को शामिल करने की अपील की। उनके सामाजिक एवं सेवा कार्यों को देखते हुए सोसाइटी निवासियों की ओर से उन्हें ‘सेवा सम्मान’ देकर सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के बाद सभी लोगों ने सोसाइटी में भ्रमण कर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान निवासियों को जागरूक करते हुए कहा गया कि कूड़ा खुले में न फेंकें और उसे निर्धारित कूड़ा गाड़ी में ही डालें। अभियान में शामिल लोगों ने स्वयं सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया और एकत्रित कूड़े को स्वास्थ्य विभाग के ट्रैक्टर में डाला।

अभियान में बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने नारे लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान पूरे परिसर में स्वच्छता और जागरूकता का माहौल देखने को मिला। महिलाओं ने भी संकल्प लिया कि वे अपने आसपास रहने वाले लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगी और सोसाइटी को साफ-सुथरा रखने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

कार्यक्रम में सोसाइटी निवासी एवं उपमुख्यमंत्री समेत कई पुरस्कारों से सम्मानित शिक्षिका नीतू सिंह ने सभी उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया— “हम न गंदगी करेंगे और न करने देंगे।” उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

वहीं, समाजसेवी नरेश यादव ने अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पतंग वितरित की। आयोजकों और निवासियों ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग के लिए स्वास्थ्य विभाग के अर्जुन सहित पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में फौजी हरिवंश सिंह, पूर्व अध्यक्ष सतवीर यादव, अरविंद सिंह, आकाश शर्मा, अनिरुद्ध राय, संदीप सिंह, डीएस नेगी, सुंदर सिंह, दिनेश पुनिया, हिमांशु चौधरी, अमोद कुमार, अवधेश राणा, पंकज शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और सोसाइटी निवासी मौजूद रहे।

अभियान के माध्यम से आयोजकों ने संदेश दिया कि यदि सोसाइटी का प्रत्येक परिवार स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझे और आसपास गंदगी न फैलाने का संकल्प ले, तो सामूहिक प्रयास से स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर वातावरण का निर्माण किया जा सकता है।।