रविवार, 2 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-20 पुलिस के हत्थे चढ़े चोरी-स्नेचिंग करने वाले दो शातिर बदमाश, बाइक और नकदी समेत चाकू बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-20 पुलिस के हत्थे चढ़े चोरी-स्नेचिंग करने वाले दो शातिर बदमाश, बाइक और नकदी समेत चाकू बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने चोरी और स्नेचिंग की वारदातों में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, 5,100 रुपये की नकदी और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपी मुराद उर्फ इमरान और संतोष गुप्ता हैं। दोनों के खिलाफ नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद में कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 1/2 अगस्त 2026 की रात लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग के जरिए मिली सूचना के आधार पर थाना सेक्टर-20 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को सेक्टर-29 स्थित गंगा अपार्टमेंट के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर UP16AN2506) बरामद हुई, जिसे पुलिस ने चोरी की बताते हुए स्नेचिंग की घटना में इस्तेमाल किया जाना बताया है।

इसके अलावा आरोपियों के पास से 5,100 रुपये नकद और एक-एक अवैध चाकू बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक बरामद नकदी थाना सेक्टर-20 में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित है।

एक आरोपी पर 11, दूसरे पर 11 मुकदमे दर्ज

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मुराद उर्फ इमरान (30) निवासी शहीद नगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद के खिलाफ चोरी, लूट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ नोएडा के थाना सेक्टर-20 व सेक्टर-24 के अलावा दिल्ली के विभिन्न थानों में भी मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

वहीं दूसरे आरोपी संतोष गुप्ता (54) निवासी अकबरपुर बहरामपुर, थाना विजयनगर, गाजियाबाद के खिलाफ भी 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसी धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-20 में वर्ष 2026 में भी चोरी और अवैध हथियार से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर चोरी और स्नेचिंग की अन्य वारदातों तथा उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में चोरी और स्नेचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।।