सोमवार, 31 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा वालों के लिए बड़ी सुविधा: बंद स्ट्रीट लाइट की शिकायत अब घर बैठे, ऐप से होगी मॉनिटरिंग!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा वालों के लिए बड़ी सुविधा: बंद स्ट्रीट लाइट की शिकायत अब घर बैठे, ऐप से होगी मॉनिटरिंग!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा प्राधिकरण ने शुरू की ‘Noida Smart LED Light’ मोबाइल एप्लिकेशन की सुविधा, टोल-फ्री नंबर से भी दर्ज करा सकेंगे शिकायत

दो टूक//नोएडा। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए नोएडा प्राधिकरण ने नागरिकों को बड़ी सुविधा दी है। अब स्ट्रीट लाइट बंद होने, खराब होने या प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी अन्य समस्याओं की शिकायत के लिए लोगों को प्राधिकरण कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नागरिक ‘Noida Smart LED Light’ मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

नोएडा प्राधिकरण के विद्युत/यांत्रिक विभाग की ओर से यह सुविधा नागरिकों के लिए स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। टाटा द्वारा विकसित इस मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से नोएडा क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट से संबंधित विभिन्न समस्याओं की शिकायत आसानी से दर्ज की जा सकेगी।

बंद या खराब स्ट्रीट लाइट की कर सकेंगे शिकायत

यदि किसी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट बंद है, खराब हो गई है या प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी कोई अन्य समस्या है, तो नागरिक मोबाइल ऐप के माध्यम से इसकी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इससे संबंधित विभाग को समस्या की जानकारी समय से मिल सकेगी और उसके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।

यह मोबाइल एप्लिकेशन Apple App Store और Android Google Play Store पर उपलब्ध है। नागरिक अपने मोबाइल फोन में ‘Noida Smart LED Light’ ऐप डाउनलोड कर इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।

टोल-फ्री नंबर से भी मिलेगी सुविधा

मोबाइल ऐप के अलावा नोएडा प्राधिकरण ने शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री नंबर 18001029574 भी उपलब्ध कराया है। नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर स्ट्रीट लाइट से संबंधित अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

शिकायतों की होगी डिजिटल मॉनिटरिंग

इस नई व्यवस्था के तहत मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का डिजिटल अभिलेखीकरण और अनुश्रवण किया जा सकेगा। इससे शिकायत दर्ज होने से लेकर उसके निस्तारण तक की पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से मॉनिटर किया जा सकेगा।

डिजिटल व्यवस्था लागू होने से शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायतों का समयबद्ध तरीके से संज्ञान लेने में भी मदद मिलेगी।

शिकायत दर्ज कराने के बाद स्टेटस की भी मिलेगी जानकारी

मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने के बाद नागरिक उसकी स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। इससे लोगों को अपनी शिकायत के संबंध में जानकारी हासिल करने के लिए बार-बार संबंधित विभाग से संपर्क करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

प्राधिकरण का मानना है कि इस व्यवस्था से स्ट्रीट लाइट के रखरखाव और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी। इसके साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

नोएडा प्राधिकरण ने नागरिकों से की अपील

नोएडा प्राधिकरण ने जनसामान्य से अपील की है कि स्ट्रीट लाइट से संबंधित किसी भी समस्या की स्थिति में ‘Noida Smart LED Light’ मोबाइल एप्लिकेशन अथवा टोल-फ्री नंबर 18001029574 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। इससे संबंधित समस्या का यथाशीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।।