रविवार, 9 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: कांवड़ मार्गों और शिविरों का किया स्थलीय निरीक्षण, शिव भक्तों से जाना हाल; सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कांवड़ मार्गों और शिविरों का किया स्थलीय निरीक्षण, शिव भक्तों से जाना हाल; सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में रविवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने पुलिस बल के साथ नोएडा जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा मार्गों और कांवड़ शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल तथा चिकित्सा सहायता सहित श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई गई विभिन्न सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने कांवड़ यात्रा कर रहे शिव भक्तों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और यात्रा के दौरान आने वाली किसी भी समस्या की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान कांवड़ शिविरों में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए।

अपर पुलिस आयुक्त ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार रहे।

गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान लगातार निगरानी रखी जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि शिव भक्तों की यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।।