गौतमबुद्धनगर: रबूपुरा में पुलिस मुठभेड़: गोली लगने से बदमाश घायल, साथी गिरफ्तार!!
पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, चोरी की Yamaha R15 और दो अवैध तमंचे बरामद
दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 16 अगस्त 2026। थाना रबूपुरा पुलिस और बदमाशों के बीच शनिवार देर रात कार्गो टी-प्वाइंट के पास मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक फिसलकर गिर गई और पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 15/16 अगस्त की रात थाना रबूपुरा पुलिस कार्गो टी-प्वाइंट पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल मोड़कर मौके से भागने की कोशिश की। इसी दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई।
बताया गया है कि बाइक गिरने के बाद पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश की पहचान बंटी उर्फ मलिंगा पुत्र भोजराज, निवासी ग्राम मुरादगढ़ी, थाना रबूपुरा, उम्र करीब 34 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
वहीं, पुलिस टीम ने मौके से फरार हुए दूसरे आरोपी की तलाश में कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस दौरान बबलू पुत्र भोजराज, निवासी ग्राम मुरादगढ़ी, थाना रबूपुरा, उम्र करीब 32 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से भी 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
चोरी की Yamaha R15 भी बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक Yamaha R15 मोटरसाइकिल संख्या DL 9S BV 8763 भी बरामद की है। पुलिस जांच में सामने आया कि उक्त मोटरसाइकिल चोरी की है और इसके संबंध में थाना सुशांत लोक, ईस्ट जोन, गुरुग्राम, हरियाणा में मु0अ0सं0 51/2024 दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी थाना रबूपुरा में दर्ज मु0अ0सं0 169/2026 में वांछित चल रहे थे। इस मुकदमे में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बरामद हथियार, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
