महाराष्ट्र: नांदेड़ में सुखबीर बादल पर कृपाण से हमला, सुरक्षा घेरे में मची अफरा-तफरी; हमलावर हिरासत में!!
दो टूक//नांदेड़। महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर गुरुद्वारा साहिब के बाहर कृपाण से हमला कर दिया गया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए हमलावर को काबू कर लिया। हमले में सुखबीर बादल के हाथ में चोट लगी है, जबकि उन्हें बचाने की कोशिश में एक सुरक्षा कर्मी के भी घायल होने की सूचना है।
जानकारी के मुताबिक सुखबीर सिंह बादल गुरुवार को निजी यात्रा के दौरान नांदेड़ स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पहुंचे थे। उनके साथ परिवार के सदस्य भी मौजूद थे और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। इसी दौरान एक निहंग द्वारा कथित तौर पर कृपाण से उन पर हमला कर दिया गया। हमले में उनके हाथ पर चोट आई।
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा कर्मियों ने सुखबीर बादल को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हमले के दौरान सुखबीर बादल को बचाने के लिए आगे आए पुलिस के एक इंस्पेक्टर/PSO को भी हल्की चोट लगने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद गुरुद्वारा परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
हमलावर हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस ने घटना के तुरंत बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हमले के पीछे क्या वजह थी। साथ ही सुरक्षा घेरे के बावजूद आरोपी सुखबीर बादल तक कैसे पहुंचा, इसकी भी जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने लिया घटना का संज्ञान
सुखबीर सिंह बादल पर हमले की जानकारी सामने आने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से घटना की जानकारी ली और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
नांदेड़ जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल पर पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री पर हुए हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। आरोपी से पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही हमले की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।।
